सरपंच पति सहित आठ गिरफ्तार
चक्काजाम करने पर जागा प्रशासन
जांजगीर चांपा। जाति-धर्म के ठेकेदारों ने धधकती चिता में शव को जलने से रोक दिया। इस पर पीड़ित स्वर्गवासी के आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। अपराध दर्ज करने के बाद सरपंच पति सहित आठ आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद परिजनों ने प्रशासन की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शव का सम्मानजनक तरीके से अंतिम संस्कार किया।
जांजगीर चांपा जिले के ग्राम बस्ती बाराद्वार निवासी प्रदीप पाटले पिता भैया लाल पाटले ने खुदकुशी कर ली। बाराद्वार थाना पुलिस ने बुधवार की शाम पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शव को लेकर परिजन मुक्तिधाम पहुंचे। जहाँ बारिश की वजह से खुले में अंतिम संस्कार करना संभव नहीं था दिक्कतें होने पर परिजन कथित दूसरे समाज के बने पक्के शवदाह गृह में चिता रचकर शव को मुखाग्नि दी तब तक सूर्य भी अस्त हो चुका था। इसकी जानकारी दूसरे समाज के लोगों हुई। कथित समाज के ये ठेकेदार इतने आक्रोशित हुए कि जल रही चिता को अमानवीय तरीके से बुझाने में जुट गए। अधजली लाश को जलती चिता से बाहर निकाल कर अंतिम संस्कार नहीं करने दिया। इससे गाँव में रात से ही तनाव की स्थिति बन गई। रात में ही अधजले शव को लेकर आरोपियों को गिरफ्तार की मांग की लेकर प्रदर्शन करने लगे। सुबह तक बाराद्वार थाना प्रभारी द्वारा कोई कारवाई नहीं करने, पुलिस प्रशासन के उदासीन रवैये पर पीड़ित परिवार के साथ समाज के लोगों ने बाराद्वार जैजैपुर मार्ग में चक्काजाम कर दिया। परिजन आरोपी सरपंच पति सहित सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और बाराद्वार थाना प्रभारी के खिलाफ कारवाई की मांग करने लगे। बढ़ते तनाव की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुँचे। आक्रोशित लोगों को अधिकारी समझाइश देते रहे. वहीं परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। गांव से फरार आरोपी सरपंच और उसके साथियों को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर परिजनों को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बाराद्वार थाना प्रभारी के खिलाफ विभागीय जांच का भरोसा दिलाया। इसके बाद अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में शव का उसी मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।

सरपंच पति समेत 8 आरोपी गिरफ्तार
बाराद्वार थाना प्रभारी रंजीत कंवर ने बताया इस मामले धारा 147, 394, 295 क, 150 ख, 501 के तहत जुर्म दर्ज दर्ज किया गया है. अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। इसमें बस्ती बाराद्वार के सरपंच पति जगदीश उरांव, अमृत उरांव, राजकुमार उरांव, विश्राम उरांव, सहेत्तर उरांव, सिपाही लाल उरांव, उमाशंकर उरांव व कमलेश उरांव शामिल हैं।
