राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का जागरूकता अभियान

बिलासपुर।  नशा युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को नष्ट कर देता है। छात्रों नशे से दूर रहें और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। यह बात राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी अजीत विलियम्स ने कही।

बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने जन-जागरूकता अभियान व नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डॉ. दीपक श्रीवास्तव ने कहा  नशा केवल व्यक्तिगत समस्या नहीं है। यह समाज और राष्ट्र के विकास में बाधक है। आज का युवा वर्ग यदि जागरूक और अनुशासित रहेगा, तभी स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर  रहे अधिष्ठाता डॉ. एन. के. चौरे ने कहा नशे को ‘ना’ और जीवन को ‘हाँ’ कहना ही सच्ची प्रगति का मार्ग है। विद्यार्थी जीवन अनुशासन, संयम और सकारात्मक सोच का समय होता है। नशा न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाता है, बल्कि करियर और पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाकर समाज के लिए उदाहरण बनें।

छात्र राजप्रताप सिंह भदौरिया व कन्हैया पाचार ने कहा नशा युवाओं को लक्ष्य से भटकाता है और आत्मविश्वास को कमजोर करता है। उन्होंने सभी छात्रों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। डॉ. एन. के. चौरे ने छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्राध्यापक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।