आमगांव निवासी लापता बच्चियों के नदी में लाश मिलने पर पुलिस का चौकाने वाला खुलासा

पचपेड़ी। आमगांव निवासी दो बच्चियों की लाश शिवनाथ नदी में मिलने के मामले में पुलिस ने चौकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक बीमारी से परेशान माँ ने ही लालन पालन की चिंता और तनाव में दोनों बच्चों को देर रात पुल से शिवनाथ की तेज धार के हवाले कर दिया।

पचपेड़ी थाना क्षेत्र के आमगांव निवासी गौतम कुमार केंवट ने अपनी साढ़े पांच वर्षीय बेटी आरती व ढाई वर्षीय बेटी अनिका के 20 जुलाई 2022 की रात रहस्यमय तरीके से गायब हो जाने की रिपोर्ट पचपेड़ी थाना में दर्ज कराई थी।  गौतम ने पुलिस को बताया कि 20 जुलाई को रात 9 बजे परिवार के साथ खाना खा कर अपनी पत्नी सावित्री व दोनों बच्चों के साथ एक साथ कमरे में सोये थे। 21 जुलाई की सुबह 5 बजे सोकर उठने पर पाया कि दोनों बच्चे रूम में नहीं थे उसने पिता के साथ परिजनों को जानकारी आस-पास पतासाजी की। रहस्यमय ढंग से गायब बच्चियों की कहीं पता नहीं चलने पर उसने इसकी रिपोर्ट पचपेड़ी थाना में दर्ज कराई ग्राम आमगांव पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू की। गोलमोल बातें करने पर शक की सुईं माँ सवित्री केंवट पर जाकर टिक गई। पुलिस के मुताबिक पहले तो सावित्री इधरउधर की बातें कहकर गुमराह करती रही। फिर कड़ाई से पूछताछ करने पर मां के कुमाता हो जाने तस्वीर निकल कर सामने आ गई। मामले में पुलिस ने धारा 302 के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी सावित्री केंवट पति गौतम केंवट 26 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है।

लालन-पालन की चिंता में हो गई कुमाता

पुलिस के मुताबिक सावित्री आए दिन बीमार रहती है. उसके मर जाने के बाद बच्चों के लालन-पालन की चिंता सता रही थी। इसी भय और तनाव में वह 21 जुलाई की रात 1 बजे दोनों बेटियों आरती व अनिका को लेकर शिवनाथ नदी पर बने पुल गई, जहां ऊपर से दोनों बच्चों को नदी के तेज बहाव में फेंक दी।

12 किमी दूर मिली पिता के कलेजे से लिपटकर सोई बेटियां

पचपेड़ी पुलिस, एसडीआरएफ व ग्रामीण शिवनाथ नदी के बहाव की दिशा में बच्चों को तलाश करते रहे। बड़ी बेटी आरवी 5 साल पूल से 7 किलोमीटर दूर ग्राम कोकड़ी एनिकट के पास नदी किनारे व कनिका 02 वर्ष आमगांव पुल से 12 किलोमीटर दूर शिवनाथ नदी मनवा पुल के नीचे मिली।