धड़ बरामद होने के नौ महीने बाद ब्लाइंड मर्डर के आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर। प्रेमिका से विवाद करते देख गुस्साए प्रेमी ने राड से ताबड़तोड़ वार कर पति की हत्या कर दी। इसके बाद कुल्हाड़ी से शव से सिर हाथ और पैरों को काटकर अलग किया फिर अलग अलग बोरी में भरकर लाश को किस्तों में ठिकाने लगा दिया। नाले में अज्ञात लाश का धड़ बरामद होने के नौ महीने बाद पुलिस ब्लाइंड हत्या के आरोपी प्रेमी जोड़े तक पहुँची। आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक बंधियाचुआ निवासी सुरजन अपने साथियों के साथ 20 जून 2021 की दोपहर गर्दन पाट मंदिर के पास स्थित तालाब छटका बांध गए थे जहां बांध से बाहर जा रहे पानी में जाली लगा रहे थे . इसी दौरान उन्हें आसपास नाले के झाड़ियों से बदबू महसूस हुई. पास जाकर देखने पर जूट के दो भरे हुए बोरे दिखाई दिए. उसमें से ही बदबू आने का खुलासा हुआ. उन्होंने इसकी जानकारी 21 जून 2021 को बंधियाचुआ निवासी पूर्व सरपंच 43 वर्षीय विश्राम कुजूर पिता बुटिया कुजूर को दी। मौके पर पहुँच विश्राम ने संदेह होने पर इसकी जानकारी ग्रामीणों व पुलिस को दी। अंबिकापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच ग्रामीणों की मदद से बोरों को बाहर निकाल कर खोला गया तो उसमें क्षतविक्षत शव मिला। लाश का सिर व दोनों पैर (घुटने के नीचे) का भाग गायब था। प्रथम दृष्टया ही मामला हत्या का लग रहा था। हत्या कर पहचान छुपाने धारदार हथियार से शव के टुकड़े कर बोरे में भरकर फेंका था। शव की शिनाख्त नहीं होने पर अंबिकापुर थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 302, 201 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
नहीं कराई गुमसूदगी की सूचना
काफी खोजबीन के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हुई तो पुलिस ने आसपास के थानों की मदद से गुमसुदा लोगों की जानकारी जुटानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जनपद पारा अम्बिकापुर निवासी राजेश जायसवाल लापता हैं, उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने चांदनी चौक निवासी ललीता जायसवाल जो राजेश की बहन है से पूछताछ की। ललिता ने बताया कि उसका भाई कुछ महीने से लापता है, इसकी सूचना थाने में दर्ज नहीं कराई है।
प्रेमिका से विवाद करने पर राड से ताबड़तोड़ वार कर की हत्या
जांच में राजेश जायसवाल की शादी 2007 में सुनिता जायसवाल से होने की जानकारी मिली। शादी के बाद से ही दोनों का विवाद होते रहता था। पुलिस ने राजेश की पत्नी सुनिता और उसके परिचित बैजनाथ जायसवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूलिस की कड़ी पूछताछ में खुलासा हुआ कि सुनीता और बैजनाथ के बीच बीते एक साल से प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी राजेश को भी हो गई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाली 31 मई 2021 की रात भी सुनिता का पति के साथ घर पर विवाद हो रहा था। इसी दौरान बैजनाथ भी पहुंच गया। गुस्साए बैजनाथ ने लोहे के रॉड से राजेश के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इसमें राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।
लाश को बोरों में भरकर फेंका
वारदात के बाद मृतक की पत्नी ने प्रेमी के साथ शव को ठिकाने लगा कर साक्ष्य छिपाने के लिए राजेश के शव से सिर को कुल्हाड़ी से काट कर अलग किया फिर दोनों पांव और हाथ भी काट कर अलग कर दिया। मृतक की पत्नी ने प्रेमी के साथ लाश के टुकड़ो को बोरी में भरकर अलग अलग जगहों पर फेंक दिया। शव को ठिकाने लगा कर दोनों आरोपी अपने अपने घर आ गए।

