भाटापारा में 25 मार्च को
बलौदा बाजार। खाद्य एवं औषधि प्रशासन का कैंप 23 मार्च से शुरू होने जा रहा है। जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में लगने जा रहे इस कैंप में खाद्य एवं पेय पदार्थ कारोबार के संचालन के लिए पंजीयन एवं अनुज्ञप्ति लिए जा सकेंगे।
खान-पान से संबंधित सामग्री के निर्माण, भंडारण और विक्रय के लिए जरूरी कारोबार को और अधिक पारदर्शी तथा सर्व सुलभ बनाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की पहुंच बेहद आसान होने जा रही है। प्रशासन ने माना है कि जागरूकता अभियान के बाद भी बहुत से ऐसे कारोबार अभी भी पंजीयन एवं अनुज्ञप्ति के बगैर संचालित हो रहें हैं। नियम विरुद्ध चल रहे ऐसे कारोबार के लिए ही प्रशासन अब हर विकास खंड मुख्यालय में शिविर के माध्यम से यह सुविधा उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है।
यह कारोबार
प्रशासन द्वारा लगाए जा रहे इस कैंप में निजी या शासकीय क्षेत्र के होटल, ढाबा, अनाज ,किराना, राशन, मध्यान्ह भोजन, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान, कैंटीन, दुग्ध संग्रहण एवं विक्रय केंद्र, ठेला, खोमचा के अलावा, विनिर्माता, भंडारणकर्ता और होलसेल और रिटेल काउंटर संचालक, पंजीयन या अनुज्ञप्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। शिविर के उपरांत जांच के दौरान यह नहीं मिले तो संबंधित कारोबारकर्ता के खिलाफ भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत छह माह का कारावास और 1 लाख रुपये के अर्थदंड की सजा हो सकती है।
इस श्रेणी में पंजीयन और अनुज्ञप्ति
12 लाख सालाना से कम टर्नओवर वाली संस्थानों के लिए पंजीयन अनिवार्य है। इन्हें पंजीयन के लिए मालिक की पासपोर्ट तस्वीर, आधार कार्ड के साथ, प्रतिवर्ष फीस के रूप में 100 रुपए जमा करवाना होगा। 5 साल के लिए 5 सौ रुपए के साथ यह सुविधा उपलब्ध होगी। जबकि 12 लाख सालाना टर्न ओवर से अधिक का कारोबार करने वाले कारोबारी के लिए अनुज्ञप्ति अनिवार्य है। इसके लिए आधार कार्ड ,भागीदारी फर्म होने की स्थिति में भागीदारी अनुबंध पत्र, फर्म का किरायानामा, बिजली बिल, एफ एस एम एस घोषणा के साथ 2000 रुपए प्रति वर्ष शुल्क के साथ 5 साल के लिए आवेदन किया जा सकता है ।यह सुविधा इस शिविर में हासिल की जा सकेगी।
कसडोल से शुरू
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कैंप के लिए जो तारीख घोषित की है, उसके मुताबिक 23 मार्च को साहू धर्मशाला कसडोल में यह कैंप लगेगा। 24 मार्च को बिलाईगढ़ में इंदिरा मार्केट में यह कैंप आयोजित है। 25 मार्च को भाटापारा के तनवानी चॉइस सेंटर में यह कैंप लगेगा। इसी तारीख में पलारी के कारोबारी, गायत्री मंदिर में लगने वाले कैंप में सुविधा हासिल कर सकेंगे। 27 और 28 मार्च को जिला मुख्यालय के सिंधी धर्मशाला में कैंप रखा गया है। 29 मार्च को सिंधी धर्मशाला सिमगा में यह कैंप लगेगा।
खाद्य एवं पेय पदार्थ कारोबारी शिविर में पंजीयन या अनुज्ञप्ति के लिए दस्तावेज और फीस के साथ पहुंचें। आवेदन उपरांत निश्चित समय अवधि में यह सुविधा प्रदान की जाएगी।
- उमेश वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, बलौदा बाजार

