गेहूं उत्पादन तकनीक पर कृषक प्रशिक्षण संपन्न
बिलासपुर। सक्ती जिले के ग्राम चिखलरौंदा विकासखंड जैजैपुर में गेहूं उत्पादन तकनीक विषय पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण हुआ।
अनुसूचित जनजाति उपयोजना के अंतर्गत अखिल भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान परियोजना में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मनहरण लाल बर्मन, सरपंच ग्राम चिखलरौंदा रहे।अध्यक्षता डॉ. दिनेश पांडेय वैज्ञानिक ने की।डॉ. पांडेय ने क्षेत्र में प्रदर्शित गेहूं की उन्नत किस्मों DBW-377, मावंती (CG-40) एवं कनिष्का (CG-1029) के प्रमुख गुणों, उत्पादन क्षमता तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उनकी अनुकूलता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कृषकों को समय पर बुवाई के महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि देर से बुवाई करने पर उपज में उल्लेखनीय कमी आती है, जिससे उत्पादन एवं आय दोनों प्रभावित होती हैं।

माधुरी ग्रेस मिन्ज ने विभिन्न कृषि परिस्थितियों में गेहूं की बुवाई हेतु उपयुक्त किस्मों के चयन पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। डॉ. अंजुम अहमद, तकनीकी सहायक (सस्य विज्ञान) ने गेहूं फसल में सिंचाई प्रबंधन एवं खरपतवार नियंत्रण (वीड मैनेजमेंट) से संबंधित वैज्ञानिक एवं व्यवहारिक जानकारी साझा की, जिससे कृषकों को लागत कम कर अधिक उत्पादन प्राप्त करने में सहायता मिल सके। प्रशिक्षण में क्षेत्र के 55 किसान शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन एन. आर. कोसले, सहायक विकास अधिकारी (ADO), कृषि विभाग द्वारा किया गया। अंत में कृषकों की जिज्ञासाओं का समाधान कर उन्हें आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
