बिलासपुर। चांदी के वर्क के लिए इस बार स्वीट काॅर्नरों को 50 से 350 रुपए ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ बड़े पैकेट में शॉर्टेज की स्थिति बनती नजर आ रही है।
अनुमान से कहीं ज्यादा बेहतर रहीं दीपावली पर मिठाइयों की खरीदी लेकिन अनुमान से ज्यादा रही कीमत, चांदी के वर्क की। इसके बावजूद स्वीट कॉर्नरों की खरीदी चांदी के वर्क में अभी भी जारी है क्योंकि अब लगभग सभी मिठाइयों में यह लगाया जाने लगा है।

अब इस कीमत पर
10 से 15 पीस वाले पैकेट की नई कीमत अब 200 रुपए पर पहुंच गई है। दीपावली के पूर्व यह 150 रुपए पर स्थिर था लेकिन रिकार्ड तेजी 100 पीस वाले पैकेट में आई है। 400 से 450 रुपए में मिलने वाले चांदी के वर्क के इस पैकेट के लिए अब 750 से 800 रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं जरूरतमंद संस्थानों को। बढ़त का यह सिलसिला अभी भी जारी है क्योंकि सीजन की खरीदी अभी भी बनी हुई है।
शॉर्टेज की स्थिति
धनतेरस के बाद दीपावली। बाद के दिनों में वैवाहिक सीजन के लिए तैयार हो रहा है सराफा मार्केट। लिहाजा सोना और चांदी में मांग का दबाव है। इसलिए चांदी का वर्क बनाने वाली इकाइयों को मांग के अनुरूप अपेक्षित मात्रा में चांदी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। ऐसे में छोटे एवं बड़े पैक में शॉर्टेज की स्थिति बनती नजर आ रही है। यह स्थिति लंबी अवधि तक बनी रहने की आशंका है।

प्रभाव इन पर भी
विशेष पूजन के दिन हैं। इसलिए श्रृंगार में भी जरूरत पड़ती है चांदी के वर्क की। ऐसे में यह क्षेत्र भी तेजी और शॉर्टेज के घेरे में है। मिठाइयों के अलावा चांदी के वर्क का दूसरा सबसे बड़ा मांग क्षेत्र है पान और पान मसालों का बाजार। ऐन सीजन में आ रही तेजी और शॉर्टेज का सामना यह भी कर रहे हैं, इसलिए खरीदी कम करने लगा है यह क्षेत्र।