बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय में मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

बिलासपुर। बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में 111 वां अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। “स्थाई कल के लिए लैंगिक समानता जरूरी है” विषय पर आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अधिवक्ता इंदिरा त्रिपाठी थी। अध्यक्षता डॉ. आर. के. एस. तिवारी, अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. श्रद्धा सिंह महिला उद्यमी बिलासपुर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथि इंदिरा त्रिपाठी ने कहा महिला दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा एवं उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, करियर और अधिकारों के लिए अवसरों की तलाश है। वर्तमान समय में महिलाओं की भूमिका केवल घरेलू कार्यों तक ही सीमित नहीं है। वह हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. श्रद्धा सिंह ने कहा कि महिलाएं व्यक्तिगत और व्यवसायिक लक्ष्यों को प्राप्त कर रही है। जिसके लिए हर दिन वह कड़ी मेहनत करती है। हमें उनका सम्मान करना चाहिए। आप सभी से आग्रह है कि आप भी नारी की शक्ति को पहचाने उनके महत्व को जाने और भविष्य में उन्हें सहयोग करते रहे।

महिला दिवस पर छात्र- छात्राओं के लिए “महिलाओं को समाज में समानता का अधिकार” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। अंकित दुबे, तृप्ति बघेल,  सुरभी सिंह, आकृति ने सहभागिता की। दामिनी ठाकुर, रागिनी, वासु द्वारा खूबसूरत समूह गान व पल्लवी दने कविता प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्राध्यापक, वैज्ञानिक , कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। आभार अर्चना केरकट्टा, सहायक प्राध्यापक द्वारा व्यक्त किया गया।