कृषि महाविद्यालय मे मनाया गया राष्ट्रीय किसान दिवस


कृषि शिक्षा जन जागरूकता कार्यक्रम का भी शुभारंभ


बिलासपुर । बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर छत्तीसगढ़ में देश के पांचवें प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती ‘राष्ट्रीय किसान दिवस’ के रूप में मनाई गई । इस अवसर पर कृषि विश्वविद्यालय आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि शिक्षा एवं तकनीकी जागरूकता अभियान का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आनंद मिश्रा व अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा व चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

डॉ. आर.के.एस. तिवारी ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर आयोजन पर प्रकाश डाला ।

मुख्य अतिथि आनंद मिश्रा सदस्य प्रबंध मंडल, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने कहा कि आजादी के बाद उद्योगों को प्राथमिकता मिली । जिसके फलस्वरूप कृषि पिछड़ गई। आजादी के पूर्व अनाज विदेशों से मंगाना पड़ता था । जब कभी अनाज विदेश से ना पहुंच पाता था तो लोगों का जीवन संकट में आ जाता था। आजादी के बाद हरित क्रांति से उत्पादन तेजी से बड़ा जिसका श्रेय नीति निर्धारकों एवं अन्नदाता कृषकों को जाता है।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अजय श्रीवास्तव ने कहा कि अनाज हमारी मूलभूत आवश्यकता है जिसके बिना हमारा जीवन संभव नहीं है । हम जो शिक्षा प्राप्त करते हैं, उस भौतिक ज्ञान को प्रायोगिक ज्ञान में बदलना समय की मांग है, और उसका सबसे अच्छा उदाहरण हमारे अन्नदाता कृषक बंधु है।


कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रगतिशील कृषक, जागरूक कृषक बंधु, आधारशिला विद्या मंदिर, बिलासपुर, शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिलासपुर, ड्रीमलैंड उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरकंडा बिलासपुर, राम दुलारी दुबे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरकंडा, बिलासपुर एवं साईं कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिलासपुर के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में प्रगतिशील कृषको ने अपने अनुभव साझा किए गए। कृषि जन जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों हेतु व्याख्यान का आयोजन किया गया जिसमें कृषि शिक्षा के महत्व डॉ.गीत शर्मा, देश के विकास में कृषि का महत्व डॉ. अजय टेगर एवं कृषि अनुसंधान पर डॉ. एन.के. चौरे द्वारा प्रकाश डाला गया। स्कूल के विद्यार्थीयों के लिए एक प्रश्नोत्तरी परीक्षा का भी आयोजन डॉ. प्रमेंद्र कुमार केसरी व अर्चना केरकेटटा द्वारा किया गया ।

इस अवसर पर कृषको एवं विद्यार्थियों को महाविद्यालय के अनुसंधान क्षेत्र एवं हाईटेक नर्सरी का भ्रमण डॉ.संजय कुमार वर्मा एवं डॉ. दिनेश पांडे द्वारा एवं जीवंत कृषि प्रदर्शनी द्वारा कृषि अनुसंधान, शिक्षा एवं विस्तार कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराई गई । राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर क्षेत्र के प्रगतिशील कृषक भरत खेत्रपाल, सुरेंद्र कश्यप, शकील भाई, राघवेंद्र सिंह चंदेल, तरुण साहू, नितेश कुमार साहू, मनोहर लाल राजपूत, विनील साहू, शिल्पी सिंह राजपूत को सम्मान स्वरूप प्रशस्ति पत्र, श्रीफल एवं आम के पौधे भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक व छात्र-छात्राओं को भी उन्नत किस्म के फल-फूल के पौधे प्रदान कर उन्हें रोपित करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक अजीत विलियम्स एवं डॉ. युष्मा साव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. आर.के.शुक्ला द्वारा दिया गया. आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापक गण, वैज्ञानिक गण, कर्मचारी बंधु एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।