सूर्य चमक 7 घंटे, आर्द्रता 85 प्रतिशत
बिलासपुर। वायु वेग महज तीन से 4 किलोमीटर प्रति घंटा। आर्द्रता 85 प्रतिशत। मौसम का यह मिजाज, चिपचिपी गर्मी की वजह बन रहा है। स्थितियों में आने वाले 15 दिन तक बदलाव के संकेत नहीं है। इसलिए माह के अंत तक ही राहत मिलने की संभावना है।
तैयार रहें, चालू अक्टूबर माह में अंत तक ऐसी चिपचिपी गर्मी के लिए क्योंकि आर्द्रता का प्रतिशत निरंतर बढ़त ले रहा है। यानी उमस के दिन और सहने होंगे। विदा लेते मानसून ने जैसा तेवर बनाया हुआ है, उससे परेशानी ही बढ़ रही है क्योंकि न घर में गर्मी से बचा जा रहा है, ना बाहर। तीखी धूप, सूर्योदय के बाद लगातार 7 घंटे तक तपा रही है। जिससे आर्द्रता को बढ़ने में पूरी मदद मिल रही है।
रिकॉर्ड तोड़ता आर्द्रता का प्रतिशत
रिकॉर्ड तोड़ता आर्द्रता का प्रतिशत
वापस होते मानसून के बाद सूर्य चमक के साथ आर्द्रता का प्रतिशत, नया रिकॉर्ड बनाने के करीब पहुंचता नजर आता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस समय 85 प्रतिशत मात्रा के साथ आर्द्रता, नया कीर्तिमान बनाने के करीब पहुंच चुका है। बढ़े हुए प्रतिशत की वजह से चिपचिपी गर्मी पड़ रही है।
सूर्य चमक भी ज्यादा
सूर्योदय के बाद से लेकर लगातार 7 घंटे तक सूर्य का चमकना, नमी के साथ मिलकर उमस को बढ़ा रहा है। यह उमस, देर रात तक महसूस की जा रही है। अमूमन विदा होते मानसून के दौर में प्रकृति ऐसा रूप दिखाती ही है लेकिन इस बार यह परेशानी और बेचैनी पहले से कुछ ज्यादा ही है।
एक नजर तापमान पर
न्यूनतम- 24 डिग्री सेल्सियस
अधिकतम- 35 डिग्री सेल्सियस
सूर्य चमक- 7 घंटे
आर्द्रता- 85 प्रतिशत
वायु वेग- 3 से 4 किलोमीटर प्रति घंटा
सूर्य चमक का समय ज्यादा होने से आर्द्रता बढ़ी हुई है। मौसम में आगे एक पखवाड़े तक बदलाव के संकेत फिलहाल नहीं है।
- डॉ एस आर पटेल, रिटायर्ड साइंटिस्ट,( एग्रोनॉमी) इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर


