खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई



बलौदाबाजार। जांच और सैंपल, ड्रिंकिंग वाटर का श्री सांई सेल्स भाटापारा से। निरीक्षण में ढेर सारी गलतियां मिलीं मेसर्स अवधेश गुप्ता पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर प्लांट में। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने फौरन नोटिस जारी कर समयावधि के भीतर जवाब पेश करने का निर्देश दिया है।

सीजन चालू हो चुका है शीतल पेय पदार्थ बनाने और बेचने का। संबधित कारोबारी क्षेत्र काम भी चालू कर चुका है लेकिन कई ऐसे अहम नियम हैं, जिनके पालन को लेकर यह क्षेत्र अब भी लापरवाही दिखा रहा है। ऐसे में खाद्य एवं औषधि प्रशासन न केवल सख्त हो चला है बल्कि कड़ी जांच भी चालू कर दी है।

लिया सैंपल, दिया नोटिस

सीजन की पहली जांच के घेरे में आई भाटापारा की श्री सांई सेल्स। यहाँ से गुणवत्ता और लेबल की जांच के लिए हिंद  पैकेज ड्रिंकिंग वॉटर और ब्ल्यू पैकेज ड्रिंकिंग वाटर का सैंपल लिया गया। मेसर्स अवधेश गुप्ता पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर प्लांट का सघन निरीक्षण किया गया। कई व्यवस्थागत खामियां मिलीं। जिसे देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच टीम ने नोटिस जारी कर दिया।

दी यह हिदायत

खाद्य एवं पेय पदार्थ की सुरक्षा के लिए अहम है स्वच्छता का होना। दीवार और सतह ऐसी होनी चाहिए, जो आसानी से साफ की जा सके। कार्यस्थल से अलग प्रसाधन की व्यवस्था भी आवश्यक है। यह हिदायत इसलिए दी गई क्योंकि इसे लेकर गंभीरता नहीं दिखाई दी। लिहाजा आगामी जांच के पूर्व यह खामियां दूर करने की सख्त चेतावनी जांच टीम ने दी है।

बहुत जल्द यहां भी

कुल्फी, आइसक्रीम पार्लर तो ध्यान में है ही, साथ ही शेक और जूस काॅर्नरों पर भी नजर है। स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर जैसी लापरवाही यह सभी क्षेत्र दिखा रहे हैं, उस पर समय रहते लगाम लगाना आवश्यक है इसलिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन पूरे जिले में सघन जांच की योजना बना रहा है।


निरीक्षण में खामियां मिलने पर नोटिस दी गई है और ड्रिंकिंग वाटर का सैंपल लिया गया है। परीक्षण रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
– उमेश वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, बलौदा बाजार