बार्क मुंबई के सहयोग से बीटीसी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र बिलासपुर में चल रहे अनुसंधान कार्य

बिलासपुर।  परमाणु ऊर्जा विभाग होमी भाभा चेयर प्रोफेसर व पूर्व अध्यक्ष परमाणु ऊर्जा आयोग के.एन.व्यास ने मुंबई व ब्राजील के वैज्ञानिकों के दल ने  बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) मुंबई व इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के सहयोग से संचालित अनुसंधान कार्यों का अवलोकन किया।


प्रोफेसर व्यास ने वैज्ञानिकों के साथ बार्क, मुंबई एवं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से विकसित धान की किस्म बिक्रम टीसीआर के 6.4 हेक्टेयर बीज उत्पादन व कैंसर रोधी कोशिकाओं को नष्ट करने की क्षमता रखने वाली धान की प्रजाति संजीवनी का अवलोकन किया। अनुसंधान कार्यों की प्रगति की सराहना की। उद्यानिकी प्रक्षेत्र में हल्दी में अधिक उपज प्रदान करने एवं कीट-व्याधि के प्रति प्रतिरोधी किस्मों के विकास पर चल रहे अनुसंधान कार्य का भी अवलोकन किया।

वैज्ञानिकों से चर्चा कर प्रो.व्यास ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र एवं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के पारस्परिक सहयोग से धान के साथ- साथ अन्य फसलों में भी अच्छी किस्मों का विकास किया जा सकेगा जो न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि अन्य राज्यों के किसानों हेतु लाभप्रद होंगी। इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ.आर.के.एस. तिवारी, डॉ. दीपक शर्मा, डॉ. टी.डी. पांडे, डॉ. आर.के.एस. तोमर, डॉ.एस.के.वर्मा, डॉ. दिनेश पांडे, डॉ. डी.जे. शर्मा, डॉ. रोशन परिहार सहित वैज्ञानिक उपस्थित थे।