पीडब्ल्यूडी और ठेकेदार की लापरवाही समय पर नहीं किया काम पूरा


रतनपुर। खंडोबा मंदिर से महामाया चौक खुंटाघाट की ओर बन रहे सड़क में लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार द्वारा बरती जा रही लापरवाही का खामियाजा युवक को जान देकर गवानी पड़ी है । एक तरफ की सड़़क में आवागमन ठप होने से बाइक सवार युवक धान से भरी टक के पहिए के नीचे आ गया जिसमें कुचलने से उसकी मौत हो गई । घटना को लेकर स्थानीय निवासियों तीखा आक्रोश व्याप्त है।
शनिवार की सुबह रतनपुर बस स्टैंड के करीब धान से लदी  ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई । महामाया चौक निवासी युवक संकेत तिवारी शनिवार की सुबह अपने एक साथी के साथ स्कूटी में सवार होकर बिलासपुर की ओर जा रहे थे। बस स्टैंड से महामाया चौक तक डामरीकरण का काम होने की वजह से एक ओर की सड़क पर आवागमन ठप कर दिया गया था। इसके चलते गाड़ियों की आवाजाही एक रोड से हो रही थी।

सड़क पर यातायात का  भारी दबाव था। इसी दौरान बस स्टैंड के पहले बिलासपुर की ओर जा रहे ट्रक के पीछे के पहिऐ नीचे स्कूटी सवार संकेत तिवारी आ गया। इसमें कुचलने से  उसकी मौत  हो गई । घटना के बाद आस पास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पर रतनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची । लोगों की सहयोग से  जेक लगा कर युवक के शरीर को  बाहर निकाला गया। आनन फानन में युवक को  पिकअप में भरकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर ले जाया गया। जहां मौजूद आरएमओ नै जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दी । शव को  मरच्यूरी भिजवाया  गया। मर्ग कायम कर रतनपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

समय पर पूरा नहीं हो सका है सड़क का काम
लोक निर्माण विभाग छ.ग. शासन ने खंडोबा मंदिर से महामाया चौक खुंटाघाट रोड लंबाई हं- 7.70 किमी सड़क स्वीकृत किया है। कार्य एजेसी लोक निर्माण विभाग संभाग क्रमांक 1 बिलासपुर छग ने कार्यादेश ठेका कंपनी -अनिल बिल्डकान (इंडिया) प्रा. लि. बिलासपुर को  दिसम्बर 2022 को जारी किया है। निविदा शर्तों के मुताबिक सड़क निर्माण का काम 15 महीने में मार्च 2024 तक पूरा हो जाना था। वहीं समय सीमा में काम पूरा नहीं हो सका है। ठेकेदार के बेतरतीब और लापरवाही से किए जा रहे काम   का खामियाजा युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी है । इसे लेकर स्थानीय लोगों में तीखी नाराजगी है।

सीएचसी रतनपुर से डॉक्टर नदारद
दुर्घटना के शिकार युवक को जब अस्पताल लाया गया तब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था। ग्रामीण क्षेत्र के अस्पताल से  अटैच ग्रामीण चिकित्सा सहायक (आरएमए) ने युवक की जांच कर उसे मृत घोषित किया. गौरतलब हो कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर इन दिनों दो महिला चिकित्सक और मेडिकल आफिसर होने के बाद भी भगवान भरोसे चल रहा है । दोपहर के बाद की पाली तो आर एम ओ के भरोसे ही चलती है।

By MIG