संदर्भित दृश्य एलईडी स्क्रीन पर

भाटापारा। बंदिश के दिन खत्म हुए। 2 साल बाद एक बार फिर से रामलीला के मंचन के लिए रिहर्सल चालू हो चुका है, तो दूसरी तरफ रामलीला मैदान में शामियाना लगाए जाने का काम भी शुरू हो चला है।

महामारी के दौर में 2 साल से बंद, रामलीला फिर से देखी जा सकेगी। मंचन को लेकर कलाकारों में अच्छा जोश देखा जा रहा है, तो शहर उत्सुक है, इस बात को लेकर कि कौन-कौन से परिवर्तन देखने में आएंगे। मंचन से संबंधित कामकाज देख रही श्री आदर्श रामलीला नाटक मंडली का पूरा प्रयास है कि मंचन और प्रस्तुतीकरण में कहीं कोई कमी ना रहे।

रिहर्सल शुरू

पात्र चयन के बाद रिहर्सल चालू हो चुका है। नियमित अभ्यास में जहां अनुभवी लोगों की मदद की जा रही है, वहीं कलाकारों को संवाद अदायगी के टिप्स भी दिए जा रहें हैं।इसे देखते हुए नियमित अभ्यास के बाद मंचन निश्चित ही बेहद आकर्षक और दिलचस्प होने की संभावना है।

संदर्भित दृश्य

मंचन के दौरान पीछे लगाए जाने वाले दृश्य के पर्दे की जगह स्क्रीन लगा होगा। इसमें मंचन के विषय से संबंधित दृश्य देखें जा सकेंगे। इसे ऐसे समझे- वन गमन के मंचन के दौरान पात्र सामने होंगे तो पीछे लगे स्क्रीन पर जंगल के दृश्य दिखाई देंगे। यह प्रयास शहर के लिए बेहद दिलचस्प होगा।

मंचन 26 से

रामलीला का मंचन 26 सितंबर से शुरू होगा। 4 अक्टूबर को नवमी के आयोजन के बाद 5 अक्टूबर की शाम रावणभाठा मैदान में रावण दहन होगा। इसी दिन विधिवत मंचन के पश्चात आयोजन का समापन होगा।

पात्र चयन के बाद अभ्यास चालू हो चुका है। दर्शकों के लिए कुर्सी और एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई है।

संदीप मल, व्यवस्थापक, श्री आदर्श रामलीला नाटक मंडली, भाटापारा