उत्तर क्षेत्रीय अंतर कृषि महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2022 शुरू
बिलासपुर। मस्तिष्क के विकास का साधन यदि शिक्षा है तो शारीरिक विकास का खेल खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन इसलिए किया जाता है, ताकि विद्यार्थियों के चहुमुखी विकास के लिए उनमें सकारात्मक सोच विकसित हो सके यह बात विजय केशरवानी अध्यक्ष एथलेटिक संघ बिलासपुर ने कही।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर एवं बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय अंतर कृषि महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2022 का मुख्य अतिथि केशरवानी ने बुधवार को दीप प्रज्ज्वलित कर रंगारंग शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि केशरवानी ने समारोह को संबोधित करते कहा खेलों में भाग लेने से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होती है, जो जीवन में सफल होने के लिए आवश्यक है। विद्यार्थी जीवन में खेल भावना से मैदान में उतरे और आगे चलकर देश का नाम रोशन करें। खेलों में रुचि है तो अपनी प्रतिभा को आगे लाने का यही सुनहरा अवसर है । स्नातक स्तर तक की शिक्षा भविष्य की प्रथम सीढ़ी है यहीं से सही रुचि का पता चलता है।

खेल से होता है शारीरिक विकास
अधिष्ठाता डॉ. आर.के.एस.तिवारी ने कहा स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। इस कथन को चरितार्थ करते हुए उत्तर क्षेत्रीय कृषि महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। खेलों से हमारा शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है तथा छात्रों में नेतृत्व की भावना विकसित करने के लिए यह आवश्यक है। खेल शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग है अतः विद्यार्थियों को खेलों में उत्साह के साथ भाग लेना चाहिए।

जीवन में खेलों का होना जरूरी
विशिष्ट अतिथि अंतर्राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी दीपक कुमार सैनी ने कहा कि व्यक्तित्व विकास के लिए जीवन में खेलों का होना अत्यंत आवश्यक है। पढ़ाई के साथ खेल में भी अच्छा प्रदर्शन करें । सच्ची लगन, खेल भावना तथा ईमानदारी से खेलें और अपना तथा अपने देश का नाम रोशन करें। हमारे देश ने खेलों में काफी उन्नति की है।
विशिष्ट अतिथि सुशील मिश्रा, कोच आदिवासी युवा कल्याण विभाग बिलासपुर ने कहा खिलाड़ी विपरीत परिस्थितियों में भी समन्वय स्थापित कर लेता है। पढ़ने के अलावा सह- शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता जीवन में उन्नति लाता है। सभी पारंगत हो। आभार वैज्ञानिक अजय टेगर एवं कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक अजीत विलियम्स ने किया।
माही ने हासिल किया स्वर्ण पदक
प्रतियोगिता के पहले दिन बालक एवं बालिका खो-खो व टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। बालक कबड्डी के अंतर्गत चार मैच खेले गए जिसमें कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कोरबा ने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कोरिया को 13 अंको से, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जांजगीर-चांपा ने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जशपुर को 19 अंकों से, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, रायगढ़ ने कृषि महाविद्यालय, रायगढ़ को 30 अंकों एवं बीटीसी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर ने आरएमडी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, अंबिकापुर को 9 अंकों से हराकर विजयी हुए । कबड्डी में व्यायाम शिक्षक राम कुमार टंडन, महेंद्र पटेल, राकेश देवांगन, धनीराम यादव व महेश शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। बालिका टेबल टेनिस के फाइनल में बीटीसी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर की खिलाड़ी माही वशिष्ठ ने आरएमडी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, अंबिकापुर की स्वाति गिरी को 2-0 से हराकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया।

साढे़ तीन सौ खिलाड़ी कर रहे शिरकत
4 दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में उत्तर क्षेत्र के 9 कृषि महाविद्यालय राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र अंबिकापुर, कृषि महाविद्यालय, जांजगीर-चांपा, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र रायगढ़, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कोरबा, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कोरिया, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जशपुर, उद्यानिकी महाविद्यालय जशपुर, कृषि महाविद्यालय, रायगढ़ एवं मेजबान बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर के 350 खिलाड़ी शामिल हैं।
