चार दिवसीय खेलकूद में उत्तर क्षेत्र के 11 कृषि महाविद्यालय के खिलाड़ी करेंगे शिरकत
बिलासपुर। बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में उत्तर क्षेत्रीय अंतर कृषि महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2022 का आयोजन 21 सितम्बर से होगा । चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में उत्तर क्षेत्र के 11 कृषि महाविद्यालय के खिलाड़ी शिरकत करेंगे।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर व बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर छ.ग. के संयुक्त तत्वावधान में 21 से 24 सितंबर तक उत्तर क्षेत्रीय अंतर कृषि महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2022 का आयोजन किया गया है। 4 दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में उत्तर क्षेत्र के 11 कृषि महाविद्यालय जिनमें राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, अंबिकापुर, कृषि महाविद्यालय, जांजगीर-चांपा, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, रायगढ़, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कोरबा, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कोरिया, उद्यानिकी महाविद्यालय जसपुर, कृषि महाविद्यालय रायगढ़. मार्गदर्शन कृषि महाविद्यालय अंबिकापुर, रानी दुर्गावती उद्यानिकी महाविद्यालय पेंड्रा रोड, उद्यानिकी महाविद्यालय पेंड्रा-मरवाही व मेजबान बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर (छ.ग.) के खिलाड़ी शामिल होंगे।
खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत महिला व पुरुषों हेतु वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स में 100, 200, 400, 800, 1500 मीटर दौड़, 4 ×100 मीटर रिले, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, तवा फेंक और भाला फेंक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे महाविद्यालय प्रांगण में सभी टीमों के खिलाड़ियों के मार्च पास्ट से होगा।
