रायपुर, बिलासपुर और मथुरा, वृंदावन की दौड़ हुई खत्म
भाटापारा। झूला और पोशाक। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर पहली बार शहर में दिखाई दे रहे काउंटर सहज ही ध्यान खींच रहें हैं। इसके पहले तक कृष्ण भक्त, इन दोनों के लिए रायपुर, बिलासपुर या मथुरा, वृंदावन पर निर्भर रहते थे। अब दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी क्योंकि यह अपने शहर में ही खरीदी जा सकेंगी।

चालू सप्ताह के अंत में आ रहा है श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व। मंदिरों में तैयारियां जोर पकड़ने लगीं हैं, तो फूल बाजार फूलों और मालाओं की तैयारियों में लग चुका है। घरों में भी झूला के लिए जरूरी इंतजाम किए जाने लगे हैं। इस बरस श्री कृष्ण भक्त और मंदिरों को पोशाक और फूलों के लिए रायपुर या बिलासपुर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी क्योंकि अपने शहर में ही इन दोनों जरूरी सामग्रियों की दुकानें सज गई हैं।


पोशाक श्री गणेश सीजनल शॉप में
जयस्तंभ चौक। शहर का प्रमुख कारोबारी गतिविधियों का क्षेत्र। यहां श्री गणेश सीजनल शॉप ने जन्माष्टमी पर श्रृंगार सामग्री के लिए अलग ही तैयारी की हुई है। हर वर्ग की क्रय शक्ति के हिसाब से भगवान श्री कृष्ण और राधा की श्रृंगार सामग्रियां मिल रहीं हैं। संस्थान संचालक बिहारी जोशी बताते हैं कि पहला साल है। इसलिए 10 रुपए से लेकर 200 रुपए तक की रेंज में पोशाक उपलब्ध करवाए जा रहें हैं। रुझान को देखकर भविष्य के लिए तैयारी की जाएगी। जो पोशाक इस बार मिल रहे हैं उनमें लड्डू गोपाल को लगने वाली समस्त श्रृंगार सामग्रियां होंगी।

यहां झूला
श्री कृष्ण जन्माष्टमी। मंदिरों में स्थाई व्यवस्था होती है लेकिन घरों के लिए इसकी व्यवस्था थोड़ी परेशानी की वजह बनती रही है। अब यह हमेशा के लिए दूर होने जा रही है क्योंकि शहर में यह जैन जनरल स्टोर्स में बेहद कम कीमत में उपलब्ध होने लगी है। संस्थान के संचालक रोहन जैन खरीदी को लेकर रुझान और पूछ- परख से खासे उत्साहित हैं। वे बताते हैं कि पहला साल है झूला के काउंटर का। भक्तों में रुझान बढ़िया है क्योंकि 200 से 1000 रुपए तक की कीमत में उपलब्ध यह झूले हर वर्ग के भक्तों के लिए सही है।
