स्कूलों में टीचरों की उपस्थिति हुई बेहतर

बलौदा बाजार। स्कूलों में टीचरों की उपस्थिति में तेजी से सुधार आ रहा है। शत-प्रतिशत उपस्थिति का लक्ष्य लेकर चल रहे जिला शिक्षा विभाग को यह सफलता उस एक आदेश के बाद मिल रही है, जिसमें प्रार्थना की तस्वीर प्रतिदिन भेजे जाने के निर्देश हैं।

कोरोना काल में पढ़ाई को लेकर हुए नुकसान को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग हर वह प्रयास कर रहा है जिसकी मदद से नुकसान की भरपाई की जा सकती है। प्रार्थना की तस्वीर ऐसे ही प्रयासों का एक उदाहरण है। इसके अलावा टीचरों द्वारा लिए जा रहे अवकाश पर भी जिला शिक्षा विभाग की कड़ी नजर है।

प्रतिदिन की फोटो

टीचरों की अनुपस्थिति रोकने के लिए जिला शिक्षा विभाग से स्कूलों को आदेश मिले हैं कि प्रार्थना के समय की तस्वीर अनिवार्य रूप से भेजें। इससे सभी की उपस्थिति की जानकारी मिल सकेगी। इसके अलावा स्कूलों से भेजी जाने वाली लिखित जानकारी अलग से मांगी जा रही है। इस कड़े आदेश के बाद स्कूलों में टीचरों की उपस्थिति में सुधार आने लगा है।

… तो आकस्मिक अवकाश

विलंब से पहुंचने की स्थिति में ऐसे टीचरों के सामने आधा या पूरा दिन का आकस्मिक अवकाश का विकल्प रखा गया है। प्रार्थना की तस्वीर हर हाल में भेजना अनिवार्य होगा। इसके लिए प्रथम चरण में संकुल व द्वितीय चरण में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को सख्त निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।

आ रहा बदलाव

जिला शिक्षा अधिकारी की सख्ती के बाद टीचरों की कार्य शैली में परिवर्तन आने लगा है। साथ ही उपस्थिति का प्रतिशत भी बढ़त की ओर है। संकेत दिए गए हैं कि यह अभिनव प्रयास अनवरत जारी रहेगा।

सुधर रही व्यवस्था

टीचरों की उपस्थिति को लेकर किया जा रहा यह प्रयास, व्यवस्था बहाली में मदद कर रहा है। जांच की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद मुख्यालय तक नियमित रूप से प्रार्थना के समय की तस्वीरें पहुंच रहीं हैं।
-सी. एस. ध्रुव, डी ई ओ, बलौदाबाजार