बिलासपुर। कोरोना संक्रमण के कारण इस वर्ष आधी पढ़ाई ऑफलाइन तो आधी पढ़ाई ऑनलाइन हुई है। ऐसे में विधि विषय के छात्र जो सेमेस्टर माध्यम से परीक्षा दिलाते हैं वे इग्जाम को लेकर असमंजस में है। क्योंकि यूनिवर्सिटी ने अभी तक सेमेस्टर परीक्षा को लेकर नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। ऐसे में परीक्षा ऑनलाइन होगी या ऑफलाइन होगी ये स्पष्ट नहीं है। ऐसे में अब मंगलवार को शहर के तीन विधि महाविद्यालय कौशलेंद्र राव विधि महाविद्यालय, डीपी लॉ कॉलेज और एलसीआईटी के विधि संकाय के छात्र-छात्राओं ने कौशलेंद्र राव विधि महाविद्यालय में बैठक कर निर्णय लिया है कि बुधवार को अटल बिहारी बाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक से मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए परीक्षा की नोटिफिकेशन सप्ताहभर में निकालने की मांग करेंगें। साथ ही छात्रों ने कहा कि इस वर्ष कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन ने वैसे ही कक्षा को बंद करा रखा था। ऐसे में कभी ऑनलाइन तो कभी ऑफलाइन पढ़ाई हुई है। ऐसे में अब यदि यूनिवर्सिटी ऑफलाइन परीक्षा लेती है तो छात्र-छात्राओं के सामने कई तरह की समस्या आएगी। महाविद्यालय प्रबंधन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि अभी कोर्स पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में दिसंबर माह में होने वाला सेमेस्टर परीक्षा फरवरी माह तक नहीं हो पाया है। यदि ऑफलाइन परीक्षा होगी तो हमारा मुख्य सेमेस्टर जो अप्रैल मई में होता है वो दो से तीन महीने और आगे बढ़ जाएगा। साथ ही छात्र-छात्राएं यूनिवर्सिंटी के अफसरों के सामने तर्क रखेंगे की जैसी शिक्षा वैसी परीक्षा ली जाए। इस सेमेस्टर की परीक्षा को ऑनलाइन ही लिया जाए। इसके बाद वाले सेमेस्टर परीक्षा को भले ही ऑफलाइन लिया जाए इसके लिए विद्यार्थी तैयार हैं। साथ ही यह तर्क भी रखा जाएगा कि रविशंकर, रायगढ़ सहित राज्य के अन्य यूनिवर्सिटी जब ऑनलाइन सेमेस्टर परीक्षा ले रही है तो अटल यूनिवर्सिटी ऐसा क्यों नहीं कर सकती। कोरोना का संक्रमण कम नहीं हुआ है। ऐसे में यदि कोई विद्यार्थी संक्रमित हो गया या संक्रमण से उसकी मौत हो गई तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। इन सभी तर्कों के साथ विधि संकाय के छात्र-छात्राएं अटल विश्वविद्यालय का बुधवार को घेराव करेंगे।