किसान भाई कृपया ध्यान दें…
बिलासपुर। महंगी खाद। महंगा बीज। पसीने छुड़ाता कल्टीवेशन चार्ज। महंगाई का तीसरा झटका देने को तैयार है प्लास्टिक पाईप, जिसकी मांग बाजार पहुंचती दिखाई देती है। बीते साल की तुलना में यह पाईप प्रति बंडल 70 से 120 रुपए महंगे में मिलेंगे।
खरीफ की तैयारी इस बरस कदम- कदम पर झटके दे रही है। प्लास्टिक के दाने में आई गर्मी का कहर अब सिंचाई पाईप पर दिखाई देने लगा है। अंतिम दौर में पहुंचती ,बोनी के बाद किसानों का ध्यान अब उस प्लास्टिक के पाईप पर है जिसकी जरूरत, सितंबर अंत तक पड़ती है। उसके बाद रबी सत्र में भी इसकी जरूरत होगी। इसलिए प्लास्टिक के लपेटा और स्प्रिंकलर पाईप की भी छिटपुट मांग ने दस्तक दे दी है।
आई गर्मी लपेटा में
सिंचाई पाईप के बाजार में 75 फ़ीसदी हिस्सेदारी रखने वाला, लपेटा पाईप की प्रति बंडल की खरीदी में इस बरस किसानों को 70 से 120 रुपए ज्यादा देने होंगे। भरपूर मांग वाली साइज 2 इंच के पाईप का बंडल 50 रुपए की तेजी के बाद 950 रुपए में मिलेगा। ढाई इंच की खरीदी पर 1200 रुपए लगेंगे। 3 इंच की खरीदी करने हैं तो, 1350 रुपए लेकर बाजार पहुंचें। इन दोनों में क्रमशः 100 से 110 रुपए की तेजी आ चुकी है।
शांत है स्प्रिंकलर पाईप
रबी के मौसम में मांग में रहने वाला स्प्रिंकलर पाईप का बाजार शांत है। इसके बावजूद इसमें भी तेजी आ चुकी है। 930 रुपए देने होंगे इसकी 20 फीट के एक पाईप की खरीदी के लिए। पूछताछ में तो इसका भी नाम है लेकिन किसानों की पहली पसंद, अब भी लपेटा ही बना हुआ है। इसलिए इसका बाजार फिलहाल, रुको और देखो जैसी मुद्रा में नजर आ रहा है।
गार्डन पाईप भी गर्म
बारिश की दस्तक के बाद सहेजे जा रहे गार्डन पहुंचते, नए पौधे और जरूरत पड़ती गार्डन पाईप की खरीदी पर भी ज्यादा पैसे देने पड़ रहे हैं। बीते साल 100 से 130 रुपए किलो पर मिल रहे गार्डन पाईप की ताजा खरीदी, 120 से 150 रुपए किलो की दर पर करनी होगी। तेजी ने खरीदारी को झटका तो जरूर दिया है, लेकिन मांग उठ चुकी है।
प्लास्टिक के दाने में जो बढ़त आई है, उसका असर सिंचाई के लिए जरूरी लपेटा और गार्डन पाईप की कीमत पर पड़ चुका है। कीमतों में गिरावट की संभावना नहीं है।
- मोहन बजाज, संचालक, मैसर्स बजाज स्टोर्स, बिलासपुर



