हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र का पर्व
बिलासपुर। 76 वें गणतंत्र दिवस पर अधिष्ठाता डॉ. एन.के.चौरे ने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर व चोरभट्टी स्थित राज्य जैव नियंत्रण प्रयोगशाला में भी ध्वजारोहण किया।
डॉ. चौरे ने कहा आजादी के लिए सभी धर्मो, समूह, वर्गों ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से कुर्बानी दी है। हम गणतंत्र के महत्व को समझें। हर नागरिक को भारत की गौरव गाथा पर गर्व का अनुभव होता है। हमें संविधान के प्रति सम्मान और अपने कर्तव्यों को निभाने की प्रेरणा देता है। आजादी के बाद हमने बेशुमार उपलब्धियां हासिल की है। उन्हीं उपलब्धियो का जश्न और उत्सव मनाने का दिन है। देश को आजाद करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान बनाने वाले महापुरुषों को भी नमन करना चाहिए। हम और हमारा देश, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का सदैव ऋणी रहेगा जिन्होंने संविधान निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आज हम हर क्षेत्र चाहे वह विज्ञान, प्रौद्योगिकी, रक्षा, शिक्षा हो, खाद्यान्न उत्पादन का या नवीन तकनीकी का हो सब में निरंतर प्रगति कर रहे हैं। सोच और कार्य हर क्षेत्र में सकारात्मक हो ऐसी सोच और जज्बा जनचेतना जागृत कर हमें देश के नागरिकों में लाना होगा।

शुभ शुक्ला, मानसी चंद्राकर, चंचल गावडे, दीपांशु साहू ने भाषण, पी. दीपिका तथा चारु पटेल ने कविता एवं मनीषा नायक, रोशनी गुप्ता, नेहा निषाद, एस. असिया अली, संध्या कैवर्त, भूमिका सिंह ध्रुव ने नृत्य प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। गौ-विज्ञान परीक्षा में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने पर प्रियंका धिरहे, प्रवीण सिंह, विक्रम बंजारे एवं चांदनी धृतलहरें को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। देवराज को राष्ट्रीय युवा उत्सव 2025 में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक अजीत विलियम्स ने किया। इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केंद्र, बिलासपुर के प्राध्यापक, वैज्ञानिक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
