बीटीसी कृषि महाविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय युवा दिवस
बिलासपुर । प्राचीन काल में भारत की संस्कृति वैभवशाली थी। समय के साथ इसका पतन हुआ। भविष्य में भारत कैसा हो इसके लिए अतीत और वर्तमान का ज्ञान होना चाहिए। तभी विकसित भारत की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं। भारत को जानना है तो विवेकानंद को जानना होगा। विवेकानंद के जीवन चरित्र का चिंतन मनन कर जीवन में आत्मसात करें। यह बात मुख्य अतिथि सेवाव्रतानंद ने कही।
बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर तथा कृषि महाविद्यालय व अनुसंधान केंद्र, लोरमी-मुंगेली के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की 162 वीं जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। राष्ट्रीय युवा दिवस का थीम ” राष्ट्र निर्माण के लिए युवा सशक्तिकरण” है।मुख्य अतिथि सेवाव्रतानंद सचिव रामकृष्ण मिशन बिलासपुर ने कहा स्वामी विवेकानंद के दर्शन, सिद्धांत, विचार युवा व शक्तिदायक थे। अपने जीवन में संघर्ष करने की शक्ति उनके विचारों से ही आती है। युवा वही है जिसमें उत्साह हो, नया कुछ करने की धमक हो।
अधिष्ठाता डॉ. एन.के. चौरे ने कहा विवेकानंद महान दार्शनिक के साथ शिक्षाविद् थे। उनके विचारों को आत्मसात कर कर्म प्रधान मार्ग पर ही चलना होगा। युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। वे समाज को नई ऊर्जा, नवाचार, और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में ले जाने की क्षमता रखते हैं। युवा सशक्तिकरण का अर्थ है, शक्ति, शिक्षा, अवसर, और संसाधन प्रदान करना, जिससे राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सके।
रासेयो कार्यक्रम अधिकारी अजीत विलियम्स ने कहा युवा सशक्तिकरण व्यक्तिगत विकास का माध्यम और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। युवाओं को सही दिशा, अवसर और संसाधन मिलते हैं, तो वे समाज और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हैं। युवाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।

राष्ट्रीय युवा दिवस पर छात्र-छात्राओं के लिए”राष्ट्र निर्माण के लिए युवा सशक्तिकरण” विषय पर भाषण व “विकसित भारत लक्ष्य 2047” विषय पर रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में चंचल गावड़े, श्वेता टंडन, मानसी चंद्राकर, प्रियांशु तिवारी, पी. दीपिका, प्रियांशी वर्मा, अर्तिफ अली शाह, श्रेयांश श्रीवास्तव, जितेश्वर साहू, हरिचंद साहू एवं मुकेश कुमार पटेल ने प्रस्तुति दी।

चित्रकला प्रतियोगिता में श्वेता टंडन, रश्मि कैवर्त्य, आशीष पटेल एवं योगेश सिदार ने तूलिका के माध्यम से अपनी कल्पना को मूर्त रूप दिया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना अजीत विलियम्स व आभार अर्चना केरकेट्टा ने व्यक्त किया। राष्ट्रीय युवा दिवस के सफल आयोजन में डॉ. एस.एल.स्वामी, आर.के.एस. तोमर, एस.के.वर्मा, आर.के. साहू, अजय टेगर, अर्चना केरकट्टा, विनोद निर्मलकर, गजानंद पटेल, संतोष चंद्राकर का सहयोग रहा। इसमें छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
