चिकन बिरयानी, फिश फ्राई, तरी और मसाला का लिया सैंपल
बलौदाबाजार। नमक में मिलावट का संदेह। फिश फ्राई तरी और तरी मसाला के सैंपल फिर से लिए गए। हद तो तब, जब नेताजी को बिना लाइसेंस चलता हुआ पाया गया। फौरन नोटिस जारी की गई।
आठ सैंपल। तीन नोटिस। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ताबड़-तोड़ कार्रवाई के बाद ढाबा संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। नव वर्ष के स्वागत की तैयारी में लगे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबे अब सतर्क रहकर कारोबार संचालन को लेकर गंभीर नजर आ रहे हैं।

सैंपल, तरी और मसाला का
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने इस बार की जांच में फिश फ्राई की तरी, चिकन बिरयानी की तरी और तरी मसाला पर सख्त नजर रखी। इसी तरह पहली बार नमक का सैंपल लिया गया। राईस फिर से संदेहास्पद पाया गया। इसलिए इसे भी जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जहां से लैब रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसलिए नेताजी को नोटिस
रायपुर मार्ग पर संचालित होता है अपना ढाबा। सघन जांच में सैंपल तो लिए ही गए साथ ही नोटिस भी थमा दी गई। करीब ही है नेताजी ढाबा। पूछताछ में लाइसेंस का नहीं होना पाए जाने पर नोटिस दी गई। पुराना अपना ढाबा सकरी से दो और शमा मुरादाबादी ढाबा से तीन सैंपल लिए गए हैं। सघन जांच के दूसरे दौर में पांच संस्थानों से आठ सैंपल लिए गए और तीन को नोटिस दी गई है।

हो गए दस
सिमगा के पांच और जिला मुख्यालय के पांच ढाबों की जांच जिस अंदाज में की गई, उसके बाद नए साल की तैयारी में लगे अन्य होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। किचन और स्टाफ को जरूरी मानक के मुताबिक तैयार किया जा रहा है। स्वच्छता और खाद्य पदार्थों की सुरक्षा पर भी ध्यान दे रहे हैं होटल रेस्टोरेंट और ढाबा संचालक।
जिले के पांच ढाबों की सघन जांच की गई है। यहां से 8 सैंपल लिए गए हैं। तीन को नोटिस दी गई है। जांच आगे भी जारी रहेगी।
– उमेश वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, बलौदाबाजार
