रतनपुर महामाया मंदिर परिसर में भक्तिन से चिल्हर दो सौ रुपए ठगी का मामला


रतनपुर। मंगलवार की शाम महामाया मंदिर परिसर में बैठी भक्तिन से एक खाकी वर्दी धारी ने छुट्टे लेने के नाम पर दिन भर की कमाई चिल्हर दो सौ रुपए ठग लिया था। एक अखबार में प्रकाशित खबर के मुताबिक इसका आरोपी पुलिस आरक्षक सुरेश पांडेय है। हांलांकि इस मामले पर आरोपी आरक्षक के खिलाफ न तो कोई कार्रवाई की गई है, और न ही रतनपुर थाना में इस पर कोई प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं ग्राम रानीगांव में वर्दी में शराब पीकर नशे की हालत में लेटे मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक को निलंबित कर दिया है।

क्या था मामला

भैंसों जेवरा निवासी भक्तिन रतनपुर स्थित महामाया मंदिर परिसर में ही आसरा लेकर अपनी आजीविका चला रही है। मंगलवार की शाम सवा पांच बजे अन्य भिक्षुओं के साथ वीआईपी निकासी गेट की ओर बैठी हुई थी। इसी दौरान खाकी वर्दी में एक आदमी आया और दो सौ रुपए के खुल्ले की मांग की। उसने पांच सौ रुपए होने की बात कहकर उसका चिल्हर कराके दो सौ रुपए लौटाने की बात कही। भक्तिन उसे अपने पास जमा दिन भर की कमाई के चिल्हर दो सौ रुपए दे दिए। खाकी वर्दी धारी चिल्हर दो सौ रुपए लेकर चला गया। इधर भक्तिन अब अपने दो सौ रुपए के लिए खाकी वर्दी धारी व्यक्ति की राह देखती रही। काफी देर बाद भी उसके नहीं लौटने पर उसे तलाशने इधर-उधर भटकने लगी। काफी देर बाद थक हार कर महामाया मंदिर परिसर स्थित ट्रस्ट कार्यालय पहुंची। वहीं घटना की जानकारी दी। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग खंगाला गया तो भक्तिन ने रिकॉर्ड वीडियो में एक खाकी वर्दी धारी अधेड़ की शिनाख्त की।

अप्रैल माह से रतनपुर थाना में थी ड्यूटी

  एक अखबार में प्रकाशित खबर में रतनपुर थाना प्रभारी नरेश चौहान ने बताया है कि वीडियो के आधार पर पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक की पहचान कर ली गई है। दो दिन पहले वह पुलिस लाइन से रतनपुर ड्यूटी पर आया था। उसे शराब के नशे में इधर-उधर घूमते देखा गया है। उसी दौरान वह भिक्षा मांगने वाली महिला से दो सौ रुपए लेकर चला गया। और उन्हें पैसे नहीं दिया। उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

रानीगांव में शराब के नशे में लेटे मिलने पर निलंबन

कार्यालय पुलिस अधीक्षक बिलासपुर से गुरुवार 7 नवंबर को को जारी आदेश में बताया गया है कि  05.04.2024 को रक्षित केन्द्र, बिलासपुर से कानून व्यवस्था ड्यूटी हेतु थाना रतनपुर भेजा गया आरक्षक 989 सुरेश पाण्डेय शराब के नशे में ग्राम रानीगांव, थाना रतनपुर में नशे की हालत में बावर्दी लेटा हुआ पाया गया। इस प्रकार कानून एवं व्यवस्था की महत्वपूर्ण ड्यूटी के प्रति घोर लापरवाही एवं सार्वजनिक स्थल पर बावर्दी शराब के नशे में पाया जाकर अनुशासनहीनता प्रदर्शित करने पर आर 989 सुरेश पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केन्द्र, बिलासपुर सम्बद्ध किया जाता है। निलंबन अवधि में इन्हें निलंबन के नियमानुसार वेतन एवं भत्ते देय होंगे।  आदेश में रक्षित निरीक्षक, बिलासपुर को ओ.बी. आदि हेतु प्रेषित कर निर्देशित किया गया है कि आरक्षक के कदाचरण के संबंध में प्रारंभिक जांच कर प्रतिवेदन मय सुसंगत दस्तावेजों के 07 दिवस में प्रस्तुत करें।