पैरा, काष्ठ, मिट्टी और रंग की कीमत बढ़ी
भाटापारा। श्री गणेश, गणेश प्रतिमा निर्माण का। प्रारंभिक चरण में ही है फिलहाल यह काम लेकिन गणेश उत्सव समितियों को प्रतिमा स्थापना पर बीते साल की तुलना में 10 से 15 प्रतिशत अधिक श्रद्धा दान करनी होगी क्योंकि निर्माण सामग्रियां 15 से 20% महंगी हो चुकी हैं।
शुरूआती रुझान, बढ़त के ही मिल रहे हैं क्योंकि इस बार ग्रामीण क्षेत्र, गणेश उत्सव भव्य तरीके से मनाने की तैयारी में है जबकि शहरी क्षेत्र उत्सव को लेकर शांत हैं, फिर भी यहां से बड़े आकार के प्रतिमा की स्थापना की संभावनाओं को लेकर मूर्तिकार अपने स्तर पर तैयारी चालू कर चुके हैं। 
फ्रेम के लिए अहम
गुणवत्ता युक्त पैरा और जरूरी लकड़ियां। अहम हैं यह दोनों क्योंकि इनकी मदद से ही ऊंचाई और चौड़ाई तय की जाती है। लिहाजा मूर्तिकार बेहद सावधानी के साथ दोनों की खरीदी कर रहें हैं। कार्यस्थल पर पहुंचाए जाने के बाद छोटी प्रतिमाओं के लिए फ्रेम बनाए जाने लगे हैं, तो मध्यम आकार वाली प्रतिमाओं के लिए यह काम पूर्णता की ओर है।
अब 22 से 25 रुपए
प्रतिमा निर्माण के लिए साफ और छनी हुई ऐसी मिट्टी की जरूरत होती है, जिसमें चिकनाई ज्यादा आती है। यह विशेषता अहम है। इसलिए इस बार ऐसी मिट्टी 22 से 25 रुपए किलो की दर पर मूर्तिकार खरीद रहें हैं। बीते गणेश उत्सव के पूर्व यह मिट्टी 20 से 22 रुपए किलो पर थी। रुझान को देखते हुए मूर्तिकारों ने अग्रिम खरीदी करनी चालू कर दी है। 
हुए महंगे यह भी
प्रतिमाओं को आकर्षक रूप देने के लिए जरूरी रंग और अन्य सहयोगी सामग्रियों की कीमतों में लगभग 15 से 20% की वृद्धि हो चुकी है। सबसे अंत में लगने वाली इन सामग्रियों की खरीदी तो फिलहाल नहीं की गई है लेकिन दरों की जानकारी को लेकर मूर्तिकारों ने आवश्यक मात्रा पर लगने वाली रकम की व्यवस्था का काम जरूर चालू कर दिया है।
कर रहे तैयारी
प्रतिमा निर्माण के लिए जरूरी लगभग सभी सामग्रियों की दरें बढ़ चुकी हैं। इसलिए इस बार श्री गणेश प्रतिमा के लिए 10 से 15% अधिक श्रद्धा दान अनुमानित है।
– तिलकराम वर्मा, मूर्तिकार, सूरजपुरा
