नागरिक बोले धार्मिक भावना को पहुंची ठेस, कार्रवाई की मांग
रतनपुर। अखंड नवधा रामायण बेदपारा करैहापारा के आयोजन पर वाट्स एप ग्रुप हिंदु नव वर्ष आयोजन समिति में प्रकाशित कविता और अखंड नवधा रामायण में उपस्थित अतिथियों के छायाचित्र पर टिप्पणी करते विवादों के बाद माफी मांगने के लिए चर्चित भाजपा नेता ने “आज भी मुगलों की औलाद व जयचंद की कमी नहीं ” लिख दी । भाजपा नेता की इस टिप्पणी के बाद बवाल मच गया। मामला थाने तक पहुंच गया। करैहापारा के निवासियों ने मामले की लिखित शिकायत रतनपुर थाना में कर कार्रवाई की मांग की है।
शहर के करैहापारा में इन दिनों अखंड नवधा रामायण का आयोजन हो रहा है। अखंड नवधा रामायण बेदपारा करैहापारा के शुभारंभ पर भाजपा कांग्रेस के नेताओं के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं, मंदिरों के प्रमुखों और जनप्रतिनिधियों को अतिथि बनाया गया था। भव्य शुभारंभ समारोह में उपस्थित अतिथियों के उतारी गई छाया चित्र के साथ कवि प्रमोद कश्यप ने वाट्स एप ग्रुप हिंदु नव वर्ष आयोजन समिति में अपनी निम्नांकित कविता. ….
अपने लिए तो जीता सदा
कभी गैरों के लिए जीकर तो देख
मोह माया का रस पीता सदा
कभी राम नाम रस पीकर तो देख।
नहाया होगा सुरसुरी गंगा में कई बार तुमने
पर मन का मैल न धुला तेरा
एक बार निर्मल मन से
मानस गंगा में नहाकर तो देख।
सच कहता हूं इससे तेरी
जिंदगी संवर जाएगी
राम नहीं बन सकता
पर परलोक तेरी सुधर जायेगी।
को प्रकाशित किया । वाट्स एप ग्रुप हिंदु नव वर्ष आयोजन समिति में प्रकाशित कविता और छायाचित्र पर टिप्पणी करते भाजपा नेता रोहणी बैसवाड़े ने “आज भी मुगलों की औलाद व जयचंद की कमी नहीं ” लिख दी । भाजपा नेता की इस टिप्पणी के बाद बवाल मच गया। अखंड नवधा रामायण से जुड़े करैहापारा के नागरिक रतनपुर थाना पहुंचे। जहां भाजपा नेता रोहणी बैसवाड़े के खिलाफ लिखित में शिकायत कर की गई टिप्पणी को अभद्र और अतिथियों के दिल को चोंट लगने वाला बताकर कार्रवाई की मांग की है ।
धार्मिक भावना को पहुंची ठेस
आयोजन समिति से जुड़े प्रमोद कश्यप ने बताया नवधा रामायण के शुभारंभ के अवसर पर उतारी गई छाया चित्र के साथ वाट्सएप ग्रुप में कविता पोस्ट की थी जिस पर रोहणी बैसवाड़े ने टिप्पणी कर ” आज भी मुगलों की औलाद व जयचंद की कमी नहीं ” लिख दी है। इस तरह लिखकर किसी का अपमान करना अच्छी बात नहीं है। इससे धार्मिक भावना को भी ठेस पहुंची है। इसकी लिखित शिकायत रतनपुर थाना में कर कार्रवाई की मांग की गई है। गौरतलब हो कि इस तरह भाजपा नेता रोहणी बैसवाड़े के द्वारा इस तरह अभद्र टिप्पणी करने का पहला मामला नहीं है. पहले भी इसी तरह शिकायत थाने पहुंची थी और माफी मांग कर मामले का पटाक्षेप करना पड़ा था।
थाने में हुई शिकायत
मामले पर थाना प्रभारी अजय कुमार ने कहा है कि रतनपुर थाना क्षेत्र के करैहापारा में अखंड नवधा रामायण चल रहा है। जिसके बारे में वाट्सएप ग्रुप पर एक कविता पोस्ट किया गया जिस पर स्क्रीनशाट लेकर एक व्यक्ति ने कमेंट किया है जिस पर एक समूह ने आपत्ति जताई है। समूह का कहना है कि कमेंट की वजह से आयोजन में शामिल अतिथियों का अपमान हुआ है इसका आवेदन दिया गया है। इस पर संज्ञान लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है ।
