5 से 10 रुपए किलो पीछे हुई वृद्धि
भाटापारा। धान में तेजी का तूफान, चावल में भी पहुंच गया है। यह पहला मौका होगा, जब महामाया और सरना चावल खुले बाजार में 27 से 28 रुपए किलो की दर पर बेचा जा रहा है, अंदाजा लगाया जा जा सकता है कि बारीक चावल की कीमतें कितनी तेज होंगी ?
धान में तेजी का सिलसिला अनवरत जारी है। असर चावल बाजार पर पड़ने लगा है। लगभग सभी किस्मों में किलो पीछे 5 से 10 रुपए की तेजी आ चुकी है। बाजार सूत्रों का कहना है कि चावल में आने वाले दिनों में भी तेजी की संभावना बनी हुई है क्योंकि घरेलू मांग के साथ उपभोक्ता राज्यों से भी डिमांड निकली हुई है।

चावल मोटा गर्म
राशन में मिलने वाले चावल के मुकाबले, खुले में बिक रहा महामाया और सरना चावल के दाम लगातार बढ़त ले रहे हैं। धान में आ रही तेजी के बाद यह प्रजाति 27 से 28 रुपए किलो तक पहुंच गई है। जबकि कनकी में भाव 25 से 26 रुपए किलो पर बताए जा रहे हैं।
एच एम टी 50 रुपए
धान की बारीक किस्मों में भी जैसी तेजी आ रही है, उसके असर से चावल में बोली जा रही कीमत होश उड़ाने वाली मानी जा रही है। चिल्हर बाजार में एचएमटी चावल 50 रुपए किलो, सियाराम 55 रुपए किलो और विष्णुभोग चावल की कीमत 75 से 80 रुपए किलो पर पहुंच चुकी है।

उबल रही कनकी
कनकी और खंडा का बाजार भी तेज होने लगा है। वृद्धि के बाद अब एचएमटी की कनकी 30 रुपए, सियाराम 35 रुपए और विष्णु भोग 38 से 40 रुपए किलो पर पहुंचा हुआ है। तेजी की संभावना इसलिए बनी हुई है क्योंकि मांग का दबाव इसमें भी बना हुआ है। उसके अलावा धान की बढ़ती कीमत प्रमुख वजह मानी जा रही है।
