महंगा पड़ेगा बोर खनन
भाटापारा। 80 रुपए प्रति फीट। बोर खनन की इस स्थिर दर में लंबी तेजी के संकेत मिल रहे हैं क्योंकि गिरते भूजल और साथ छोड़ते पुराने बोर के बाद फिर से नए बोर खनन की मांग पहुंचने लगी है। हो रही पूछताछ से नई दर 85 से 90 रुपए प्रति फीट पर खुलने की आशंका जताई जा रही है।
शांत चल रहा बोर खनन का बाजार इंतजार कर रहा है भीषण गर्मी का। ऐसे ही मौसम और बढ़ते तापमान के बीच बोर खनन करवाने की सोच अभी भी कायम है। छिटपुट पूछताछ और इक्का-दुक्का बुकिंग का होना चालू हो चुका है। गाड़ियां लगी हुई हैं इसलिए यह तुरंत मिल जा रही है लेकिन संकेत मिलने लगे हैं कि यह स्थिति ज्यादा दिन तक नहीं बनी रहेगी। ऑर्डर मिलेंगे, बुकिंग भी बढ़ेगी और साथ में खनन का खर्च भी बढ़ेगा।

चार्ज और औसत गहराई
वह दिन गए, जब 250 से 300 फीट की गहराई तक खनन को पर्याप्त माना जाता था। अब यह 400 फीट तक पहुंच गया है। गहराई इसलिए बढ़ाई जा रही है ताकि हर बरस गिरते भूजल स्तर के बीच पानी संकट नहीं होने पाए। रही बात खनन चार्ज की, तो फिलहाल प्रति फीट 80 रुपए लिए जा रहे हैं, यह बीते साल से पांच रुपए फीट कम है।
यहां संकट ज्यादा
जिले का भाटापारा ब्लॉक भूजल संपदा के मामले में सबसे पीछे है। ब्लॉक में इस समय 400 फीट की गहराई तक जाने पर भी पानी की उचित मात्रा नहीं मिल रही है। इसमें भी जिला मुख्यालय जाने वाले मार्ग के किनारे के गांव खतरे की जद में आ रहे हैं। इसके अलावा कई ऐसे भी गांव हैं, जहां 400 फीट की गहराई पर भी पानी नहीं मिल पा रहा है।

औसत जल स्तर
जिले का औसत जलस्तर 200 फीट के आसपास है लेकिन यह स्थिति समूचे जिले की नहीं है। भाटापारा ब्लॉक, जल संपदा के मामले में सबसे पीछे चल रहा है। वजह बेहद साफ है। भू जल स्रोत बढ़ाने के उपायों को लेकर गंभीरता का नहीं होना। जल दोहन को लेकर की जाने वाली लापरवाही दूसरी सबसे बड़ी वजह मानी जा रही है।
बढ़ सकती है खनन दर
बोर खनन की दर फिलहाल 80 रुपए प्रति फीट पर स्थिर है लेकिन यह बढ़ सकती है क्योंकि पूछताछ और अग्रिम बुकिंग का किया जाना चालू हो चुका है।
– सुनील दुबे, दुबे बोरवेल एंड पंप, भाटापारा
