होगी कारखानों की जांच

चिल्हर बिक्री केंद्र भी निशाने पर


बलौदा बाजार। खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं बर्फ कारखानें। जिस तरह के माहौल में उत्पादन, भंडारण और परिवहन किया जा रहा है वह भी सही नहीं है। लिहाजा खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले की सभी आईस फैक्ट्रियों की सघन जांच का फैसला किया है।

ड्रिंकिंग वाटर के बाद होने वाली जांच की सूची में अब बर्फ का नाम भी होगा। यह इसलिए क्योंकि कई दफे की सलाह के बाद भी बर्फ उत्पादन करने वाली इकाइयां कामकाज की शैली में सुधार नहीं ला रहीं हैं। इसलिए प्रशासन ने, न केवल जांच की ठानी है बल्कि मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करने का भी फैसला ले लिया है।

हर प्रक्रिया त्रुटिपूर्ण

प्रशासन ने बर्फ उत्पादन की हर प्रक्रिया को त्रुटिपूर्ण माना है। इसमें पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच नहीं होना मुख्य है। उपयोग किए जा रहे आईस केन भी मानक का पालन नहीं करते। कार्य के दौरान कर्मचारी बगैर सुरक्षा उपकरण के काम करते हैं। तैयार बर्फ के भंडारण का तरीका गलत है। साथ ही परिवहन की व्यवस्था भी नियम को पूरा नहीं करती।

बिक्री केंद्र भी लापरवाह

होलसेल और रिटेल काउंटर में बर्फ का भंडारण गलत तरीके से किया जा रहा है। अस्वच्छ तरीके से रखने और विक्रय से बर्फ की गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर की आशंका निरंतर बनी हुई है। यूनिटों की ही तरह यहां के भी कर्मचारी बगैर सुरक्षा उपकरण के काम कर रहे हैं।

नजर यहां भी

सीजन के लिए तैयार हो रहे हैं शिकंजी और बर्फ के गोले बेचने वाले। प्रशासन ने इन्हें भी जांच के निशाने पर रखा है। यह इसलिए क्योंकि यह कारोबारी क्षेत्र भी सुरक्षा मानक का जमकर उल्लंघन कर रहा है। ग्लब्स और मास्क से जैसी दूरी बना ली गई है उसने कई तरह की स्वास्थ्यगत परेशानियों को निमंत्रण दे दिया है।

होगी जांच

बर्फ बनाने वाले कारखानें नियमों के पालन को लेकर जिस तरह गैर जिम्मेदार बने हुए हैं, उसे देखते हुए सघन जांच की योजना तैयार है।
– उमेश वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, बलौदा बाजार