नाप तौल विभाग बलौदाबाजार की कार्रवाई
अपना स्टीकर लगाकर ब्रांडेड कंपनी का पेंट बेचते, मौके पर पकड़े गए
बलौदा बाजार। भ्रामक विज्ञापन और कंपनी के एम आर पी के उपर अपना स्टिकर लगाने के मामले में नाप-तौल विभाग ने तगड़ी कार्रवाई की है। प्रकरण पंजीबद्ध करके जुर्माना लगाया गया है ।
नाप-तौल विभाग जांच के दायरे को बढ़ाते हुए लगातार अलग-अलग सेक्टर के व्यापार में जांच कर रहा है। विभाग की सक्रियता से नियम विरुद्ध व्यापार करने वाले सुधर रहे हैं क्योंकि कार्रवाई ऐसे-ऐसे मामले में की जा रही है, जिससे उपभोक्ता अब तक अनजान थे। सीजन है, इसलिए कारोबार बेफिक्र होकर अवांछित कारोबारी गतिविधियां जारी रखे हुए हैंं लेकिन शिकायतों पर ध्यान था। मौका और पक्की सूचना के बाद पहली और तगड़ी कार्रवाई वार्निश- पेंट बेचने वाली संस्थानों पर की गई। दूसरा नंबर था टेलीविजन एवम अन्य माध्यम से दी जाने वाली विज्ञापन में उपभोक्ता को अधूरी जानकारी देकर आकर्षित करने वाले बड़ी कंपनी का ।

स्टीकर पर स्टीकर
शिकायत थी कि वार्निश-पेंट विक्रय करने वाली संस्थानें अधिक मूल्य पर वार्निश बेच रहीं हैं। जिला के बड़े शहरों में हुई सघन जांच में कुछ संस्थानों में ऐसा काम होता पाया गया। बड़ी पेंकिंग की जब जांच की गई, तब कंपनी के एम आर पी स्टीकर पर दूसरा स्टीकर लगाया जाना पाया गया। दोनों की कीमतों में भारी अंतर था। इसलिए संस्थानों पर प्रकरण दर्ज कर कर नियमानुसार कार्यवाही किया गया ।
भ्रामक लुभावने विज्ञापन
मैकेफिन पेप टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड मुंबई। यह कंपनी सौंदर्य प्रसाधन सामग्री बनाती है। प्रचार की जब सूक्ष्मता के साथ जांच की गई, तब उत्पादन की पैकिंग में अधिकतम खुदरा विक्रय के साथ पैकिंग में उपलब्ध सामग्री की मात्रा की जानकारी नहीं मिली। कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। कार्रवाई में कंपनी ने न केवल तत्काल गलती स्वीकार की बल्कि विभाग द्वारा लगाई गई अर्थदंड की राशि 90 हजार रुपए जमा कर दी।

प्रदेश में पहला मामला
एमआरपी के स्टीकर के ऊपर अपना स्टीकर लगाकर उत्पादन बेचने के मामले में इसे पहली बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। बलौदा बाजार जिले में हुई इस पहली कार्रवाई की प्रदेश भर में चर्चा है। साथ ही कारोबार जगत में हड़कंप की स्थिति है।
अभियान आगे भी
कंपनी के एम आर पी के स्टीकर के ऊपर अपना स्टीकर लगाने और भ्रामक विज्ञापन के मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की गई है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
दामोदर वर्मा, इंस्पेक्टर, नापतौल, (विधिक माप विज्ञान) विभाग, जिला –बलौदा बाजार
