उर्वरक की बोरियों पर हुकिंग प्रतिबंधित
खरीफ की तैयारियों के बीच जांच की योजना
बलौदा बाजार। इस बार उर्वरक की बोरियों पर नाप-तौल विभाग की भी कड़ी नजर रहेगी। वजन में उर्वरक की मात्रा कम मिली, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लिहाजा उर्वरक विक्रेताओं को जरूरी अन्य औपचारिकताओं के अलावा वजन पर भी पूरा ध्यान रखना होगा।
रासायनिक उर्वरक के विनिर्माण, परिवहन, भंडारण और विक्रय जैसे जरूरी काम पर कृषि विभाग के कड़े पहरे के बाद, अब नाप-तौल विभाग ने भी कमर कस ली है। यह इसलिए क्योंकि विभाग के पास ऐसी शिकायत और जानकारियां पहुंच रहीं हैं कि उर्वरक की बोरियों में अंकित वजन की मात्रा कम आ रही है। इसकी वजह से फसलों में छिड़काव की मात्रा पर अनापेक्षित रूप से असर पड़ रहा है। इसके अलावा कम मात्रा की वजह से किसानों को आर्थिक नुकसान भी हो रहा है।
इसलिए वजन कम
कृषि विभाग सूत्रों के अनुसार बोरियों में उर्वरक की मात्रा कम होने के पीछे सबसे बड़ी वजह लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान, बोरियों को पकड़ने के लिए हुक का प्रयोग किया जाना है। लोहे के यह हुक नुकीले होने की वजह से बोरियों में छिद्र बनाते हैं और इस छिद्र से उर्वरक के दाने गिरते हैं। लोडिंग-अनलोडिंग की यह प्रक्रिया चार बार दोहराई जाती है। कारोबारी सूत्रों की मानें तो इससे प्रति बोरी कम से कम एक किलो वजन कम हो जाता है।
हुक का प्रयोग प्रतिबंधित
उर्वरक की बोरियों की लोडिंग- अनलोडिंग के लिए हुक का प्रयोग कृषि विभाग ने काफी पहले से ही प्रतिबंधित किया हुआ है। यह इसलिए ताकि प्रतिकूल मौसम का प्रभाव उर्वरक पर ना पड़े। साथ ही कम मात्रा में किसानों तक पहुंचने से होने वाला आर्थिक नुकसान भी ना हो। इसलिए बोरियों की सिलाई वाले हिस्से को पकड़कर ही यह काम किया जाना है।
नजर नाप-तौल विभाग की
निर्धारित से अधिक दर पर विक्रय के कई मामले के खुलासे के बाद नाप-तौल विभाग ने अब वजन की भी पड़ताल करने की ठानी है। उर्वरक विक्रय संस्थानों से कहा जा रहा है कि ऐसा कोई भी काम ना करें, जिसकी वजह से बोरियों में अंकित वजन से कम मात्रा में सामग्री किसानों तक पहुंचे अन्यथा औचक जांच के बाद शिकायत सही मिलने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जा सकती है।
निर्धारित से कम वजन की शिकायत सही प्रमाणित हुई तो संबंधित उर्वरक विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- दामोदर वर्मा, निरीक्षक, जिला नापतौल विभाग, बलौदा बाजार
उर्वरक की बोरियों की लोडिंग- अनलोडिंग के दौरान हुक का प्रयोग किया जाना प्रतिबंधित है। इसलिए पहले से ही संबंधित कारोबारियों को लिखित में आदेश जारी किए जा चुके हैं।
- एस आर पैकरा, उप संचालक, कृषि, बलौदा बाजार


