स्कूलों में ओआरएस पाउडर अनिवार्य

बिजली, पानी और छाया की पर्याप्त व्यवस्था के आदेश

भाटापारा। सुखद एहसास होगा स्कूल पहुंचने वाले बच्चों को उस समय, जब टीचर पूछेंगे- कैसा लग रहा है ? परिवारिक संवाद का यह तरीका निश्चित ही नए बदलाव का वाहक बनने जा रहा है प्रदेश की स्कूलों में। स्कूल शिक्षा विभाग इतने को ही काफी नहीं मान रहा है, उसने आदेश जारी किए हैं कि सभी स्कूलों में ओआरएस पाउडर की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाएं।

15 मई तक याने पूरे डेढ़ माह स्कूलें संचालित होंगी। कोरोना काल में पढ़ाई को हुए नुकसान सहित तमाम कारणों को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने ग्रीष्मकालीन अवकाश में 15 दिन की कटौती कर दी है। इसके परिणाम स्वरूप 15 मई तक स्कूलों में अध्ययन और अध्यापन होगा। इसके साथ मौसम के तेवर को देखते हुए विभाग ने कुछ बेहद जरूरी उपाय करने के आदेश जारी किए हैं, जिनकी मदद से स्वास्थ्यगत परेशानियों को रोकने में मदद मिल सकेगी।

कैसा लग रहा है ?

15 मई तक संचालित होने जा रहीं स्कूलों में पहुंचने वाले बच्चों से पहला सवाल यह होगा कि कैसा लग रहा है ? टीचर को यह सवाल इसलिए नियमित रूप से पूछना होगा ताकि तेज धूप और गर्मी की वजह से होने वाली स्वास्थ्यगत परेशानियों की जानकारी समय रहते मिल जाए। असहज करने वाले जवाब मिलते ही प्राचार्य को जानकारी देनी होगी। इसकी सूचना संबंधित बच्चे के पालक को भेजी जाएगी। गंभीर स्थिति पर समीप के चिकित्सालय भेजने की व्यवस्था करनी होगी।

अनिवार्य ओआरएस पाउडर

स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी स्कूलों में ओआरएस पाउडर प्राथमिकता के साथ रखने के लिए कहा है। प्रथम उपचार में उपयोगी इस पाउडर की मदद से प्रतिकूल परिस्थितियों पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। इस व्यवस्था की सतत निगरानी के भी आदेश जारी हुए हैं।

यह भी अनिवार्य

मौसम के तेवर को देखते हुए आदेश जारी हुए हैं कि स्कूलें यह सुनिश्चित करें कि सभी कमरों में पंखे हों। इनकी नियमित जांच करें ताकि बंद होने की स्थिति में तत्काल मरम्मत करवाई जा सके। इसके अलावा छायादार जगह पर पेयजल की भी व्यवस्था का होना अनिवार्य होगा।

सुझाए प्राथमिक उपचार के तरीके

उल्टी, दस्त और जी मिचलाना या असहज लगने की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन को, पीड़ित छात्र को हवादार जगह पर आराम के लिए ले जाना होगा। कपड़े ढीले करने होंगे। पालकों को समझाईश देनी होगी कि धूप से बचाव के लिए टोपी, गमछा और छतरी बच्चों को अवश्य दें। प्रतिकूल स्थिति पर समीप के अस्पताल में दाखिल करवाने की व्यवस्था करनी होगी।

15 मई तक स्कूल संचालन के आदेश के बाद गर्मी और लू से बचने के जो उपाय जारी हुए हैं, इसकी सूचना सभी स्कूलों को दी जा चुकी है। व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है।

  • के के यदु, विकास खंड शिक्षा अधिकारी ,भाटापारा