सघन जांच और कार्रवाई की योजना तैयार
बलौदा बाजार। स्कूलों के सामने पान ठेलों में बिक्री होते तंबाकू और तंबाकू उत्पाद पर सख्ती के साथ रोक लगाने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। प्रभावी जांच अभियान में समझाइश और अर्थदंड, दोनों एक साथ किए जाने की योजना है।
तंबाकू मुक्त स्कूल का लक्ष्य लेकर चल रहे प्रशासन की जांच, अब और सख्त होने जा रही है। नजर अब भाटापारा विकासखंड पर है, जहां स्कूलों के सामने पान ठेलों में तंबाकू और तंबाकू उत्पादों की बेखौफ बिक्री की शिकायतें लगातार बढ़ती ही जा रही है। जिला मुख्यालय सहित करीब के खंड मुख्यालयों में सफल कार्रवाई के बाद अब भाटापारा विकासखंड में भी सख्ती के साथ कार्रवाई की योजना तैयार है। बहुत जल्द इसे अमल में लाया जाएगा।
इसलिए प्रभावी कार्यवाही
जिले में शायद भाटापारा ऐसा खंड क्षेत्र होगा जहां शहर और ग्रामीण क्षेत्र की लगभग सभी स्कूलों के सामने पान ठेले हैं। इनमें तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, जर्दा युक्त गुटखा की बेखौफ बिक्री हो रही है। प्रारंभिक जांच में इसे सही भी पाया गया है। यह भी जानकारी मिली है कि अधिकतर उपभोक्ता छात्र वर्ग से ही संबंध रखता है।
गंभीर नहीं स्कूल प्रबंधन
जिला स्तरीय समीक्षा बैठकों में समय-समय पर जिला शिक्षा विभाग सहित स्कूलों को हिदायत दी जाती रही है कि इस पर न केवल नजर रखें, बल्कि ऐसे पान ठेले और किराना व जनरल स्टोर संचालकों को तंबाकू और तंबाकू उत्पाद का विक्रय करने से रोकें। छात्रों को भी इसके सेवन से होने वाले नुकसान की जानकारी दें, लेकिन हिदायतों पर कभी भी ध्यान नहीं दिया गया।
स्कूल के सामने या किनारे
भाटापारा विकासखंड मुख्यालय में शायद ही ऐसी स्कूल होगी जिसके सामने या किनारे पान ठेले संचालित नहीं हो रहें हों। ग्रामीण क्षेत्रों की हालत तो और भी गंभीर है। ऐसी स्कूलें भी हैं जिनके पास की किराना और मनिहारी दुकानें भी तंबाकू और तंबाकू उत्पाद का विक्रय कर रहीं हैं।
यह है नियम
कोटपा एक्ट के तहत स्कूलों की 100 यार्ड की परिधि में ना तो तंबाकू का विक्रय किया जा सकता है, ना ही तंबाकू से बने उत्पादन बेचे जा सकते हैं। नियम का उल्लंघन करते पाए जाने पर अर्थदंड और आगे की कार्यवाही भी किए जाने के नियम हैं।
भाटापारा ब्लॉक में बहुत जल्द स्कूली क्षेत्रों का निरीक्षण किया जाएगा। नियम विरुद्ध चल रहे पान ठेले और वहां बेचे जा रहे तंबाकू और तंबाकू उत्पादन पर रोक के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाएगी।
- डॉ राकेश प्रेमी, नोडल अधिकारी (कोटपा), बलौदा बाजार

