सिम्स अधिष्ठाता की चुप्पी से छग प्रदेश स्वस्थ्य कर्मचारी संघ आक्रोशित
बिलासपुर। सिम्स प्रशासन द्वारा कर्मचारियों की मांगों को दरकिनार किया जा रहा है। इसके चलते सिम्स के 316 कर्मचारियों की हड़ताल सत्रहवें दिन भी जारी रही। सिम्स अधिष्ठाता ने कर्मचारियों के परिवीक्षावधि संबंधी प्रकरण के निराकरण के लिए समिति गठित कर अग्रिम कार्रवाई शुरू होने की जानकारी देकर चुप्पी साध ली है। वहीं कर्मचारी संघ ने अधिष्ठाता से गठित समिति में शामिल लोगों की जानकारी मांगी है। जिसे देने में की जा रही आनाकानी से कर्मचारियों में आक्रोश है ।
31 अगस्त को सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण द्वारा 2013-14, 2014-15 में नियुक्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की परिवीक्षावधि का परीक्षण कर तत्काल नियमितीकरण आदेश प्रसारित करने का निर्देश जारी किया है। अधिष्ठाता, सिम्स ने सचिव के पत्र का उल्लेख करते हुए कमेटी गठन करने की सूचना 4 सितम्बर को शाम 5 बजे संघ को देकर आंदोलन से वापस लेने का निवेदन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वस्थ्य कर्मचारी संघ ने अधिष्ठाता से पत्र में उल्लेखित समिति के गठन के आदेश की छायाप्रति उपलब्ध कराने पत्र प्रेषित किया। इसका जवाब नहीं मिलने पर 07 सितम्बर की शाम अधिष्ठाता को स्मरण पत्र प्रेषित कर गठित समिति की जानकारी तत्काल मांगी गई, सिम्स अधिष्ठाता से जवाब नहीं मिलने पर द्वितीय स्मरण पत्र प्रेषित कर जानकारी मांगी गई है, अधिष्ठाता द्वारा गठित समिति की जानकारी नहीं देने से संशय की स्थिति निर्मित हो रही है. कर्मचारी संघ का आरोप है कि सिम्स अधिष्ठाता द्वारा शासन के आदेश की अवहेलना कर 7 दिन बाद भी परिवीक्षावधि संबंध में कार्रवाई नहीं कर कर्मचारियों की हड़ताल जल्दी खत्म नहीं कराना चाहता। कर्मचारी के हित मे काम नहीं करना, चिकित्सालय में अव्यवस्था को बढ़ाना शासन व प्रशासन को बदनाम करने का षड्यन्त्र प्रतीत होता है।
छग फार्मसिस्ट एसोसिएशन ने दिया समर्थन
आंदोलन को विस्तार देने छत्तीसगढ़ फार्मसिस्ट एसोसिएशन द्वारा धरना स्थल में उपस्थित होकर मांगों के पूरा नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन में शामिल होने की की बात कही है। आंदोलन का जिले में विस्तार किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी अधिष्ठाता सिम्स की होगी।
संघ द्वारा पत्राचार कर सिम्स प्रशासन से गठित कमेटी की जानकारी मांगी जा रही है। सिम्स प्रशासन कमेटी में शामिल लोगों की जानकारी नही दे रहा जिससे संशय की स्थिति उत्पन्न हो रहा है ऐसे में जब तक नियमित मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगा
– सूर्यकान्त रजक जिला उपाध्यक्ष
