मेवा मिक्स मिठाई नष्ट करवाई
बलौदाबाजार। मेवा मिक्स मिठाई की स्थिति सही नहीं मिली।स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए 10 किलो की मात्रा नष्ट करवा दी गई। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम के तेवर देखकर जैसी चुप्पी साधी गई उसके बाद रंगीन जलेबी का निर्माण और विक्रय नहीं करने का संकल्प अर्जुनी के हॉटल और स्वीट कार्नर संचालकों ने लिया है।
रक्षाबंधन के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सक्रियता दिखानी चालू कर दी है।जांच की शुरुआत अर्जुनी से करते हुए प्रशासन की टीम ने एक साथ़ सात हॉटल, और स्वीट कॉर्नरों में दबिश दी। व्यापक खामियां मिली। बेशुमार गंदगी देखकर, पड़ी फटकार के बाद भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं किए जाने की स्वीकारोक्ति के बाद टीम ने कुछ दुकानों से बर्फी, मगज का लड्डू और केक के सैंपल लिए हैं।
नष्ट करवाई मिठाई
टीम का नेतृत्व कर रहे खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमेश वर्मा ने शारदा स्वीट्स में जांच के दौरान मेवा मिक्स को संदेहास्पद पाते हुए मिठाई की कुल मात्रा 10 किलो मौके पर ही नष्ट करवाई। जबकि अन्य दुकानों में स्वच्छता और कोविड-19 के नियमों के परिपालन को लेकर लापरवाही पर कड़े निर्देश दिए गए।
लिए गए सैंपल
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोनपापड़ी ,केक और मगज के लड्डू के साथ बर्फी के सैंपल भी लिए हैं। इन्हें जांच के लिए विभाग की प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है। जहां से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फटकार और समझाइश के बाद सभी हॉटल कारोबारियों ने रंगीन जलेबी का निर्माण और विक्रय नहीं करने का फैसला लिया है।
यह सात हॉटल
औचक जांच के घेरे में पहले दिन अर्जुनी के मधु श्रृंगार हॉटल ,श्री साई हॉटल, शारदा स्वीट्स, साहू हॉटल, साहू जी हॉटल, शिवम रेस्टोरेंट और बाबूलाल हॉटल आए। सभी जगह कुछ ना कुछ गलतियां मिलीं। जिन्हें फौरन सुधारने के निर्देश दिए गए। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमेश वर्मा के अलावा अंजू दिनकर सहित विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल थे।
औचक जांच में जो खामियां मिली हैं, उनमें सुधार के निर्देश दिए गए हैं। संदेहास्पद मिलने पर मेवा मिक्स मिठाई नष्ट करवाई गई है। इसके साथ रेडीमेड मिठाई और कन्फेक्शनरी बेचने वाली संस्थानों को नोटिस जारी की जा रही हैं।
- उमेश वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ,बलौदा बाजार




