बलौदाबाजार । सीमेंट फैक्ट्री में क्रेन का हुक टूटने से उस पर टंगा भारी सामान मजदूरों पर गिर गया. इसमें गंभीर चोंटे आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। वहीं छह गंभीर रुप से घायल बताए गए है. जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की देर रात खपराडीह स्थित श्री सीमेंट संयंत्र में क्रेन से मैटेरियल सप्लाई का काम किया जा रहा था। इस दौरान क्रेन का हुक टूट गया और उस पर टंगा सामान नीचे काम कर रहे मजदूरों पर जा गिरा। इसकी चपेट में आकर आठ मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन फानन में बलौदाबाजार के चंदा देवी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो मजदूरों की अस्पताल लेर जाने के दौरान ही मौत हो गई, वही 6 अन्य मजदूरों का इलाज अस्पताल में चल है। मृतकों में बलरामपुर के महावीर गंज निवासी बृजेश नागवंशी (28 साल) और झारखंड के गढ़वा में श्यामा निवासी राम चंदू पासवान (35 साल) के नाम बताए गए हैं।
मजदूरों के मुताबिक घटना के बाद भी घायल मजदूर मौके पर ही काफी समय तड़पते रहे. मजदूरों ने अस्पताल ले जाने में देर होने की वजह से गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों के रास्ते में ही दम तोड़ने का आरोप लगाया है.
हादसे की सूचना पर फैक्ट्री के मजदूरों और मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे. उन्होंने सीमेंट फैक्ट्री के प्रबंधन पर मजदूरों की सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुये इस मामले में कार्रवाई करने की मांग को लेकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर SDM महेश सिंह राजपूत, एडिशनल SP निवेदिता पाल सहित पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंच गई। देर रात तक मजदूरों को समझाने का प्रयास जारी रहा। फिलहाल इस पूरे मामले में अभी सीमेंट प्रबंधन की ओर से किसी तरह का कोई जवाब नहीं आया है। बलौदाबाजार ASP ने इस मामले में मर्ग जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
