खुदरा और थोक बाजार में खरीदी आधी

बिलासपुर। 50 नहीं 25 ग्राम चाहिए। पूजा सामग्री में खरीदी झटके से आधे पर आ चुकी है। क्योंकि कीमतें लगभग रोज बढ़ रहीं हैं। सर्वाधिक कटौती पूजा हल्दी और पूजा सुपारी में किए जाने के बाद खुदरा बाजार ने भी थोक खरीदी की मात्रा लगभग आधी कर दी है।

दिन चल रहे हैं पूजा के लेकिन पूजा की लगभग हर सामग्री की कीमत सामान्य से दोगुनी हो चली है। इसलिए भक्त खरीदी जाने वाली सामग्री की मात्रा आधी कर रहें हैं। विशेष तौर पर पूजा हल्दी, पूजा सुपारी, चंदन और हल्दी में सबसे ज्यादा तेजी आई हुई है। रोली और गुलाल की कीमत भी अब क्रय शक्ति से बाहर होती नजर आ रही है।

बेहद गर्म

कम ही मांग में रहता है चंदन। इसमें अब और गिरावट के आसार बनते नजर आ रहे हैं क्योंकि चंदन पाउडर 400 रुपए किलो और चंदन की लकड़ी रिकॉर्ड 1200 रुपए किलो पर जा पहुंची है। तेजी की धारणा को इसलिए भी बल मिल रहा है क्योंकि मांग के अनुरूप आपूर्ति, लकड़ी और पाउडर दोनों में बेहद कम है। ऐसी स्थिति में उपभोक्ता मांग में 30 से 40 फ़ीसदी गिरावट की खबर आ रही है।तेजी का तूफान इनमें

तेजी का तूफान इनमें

मंदी की फिलहाल कोई धारणा नहीं है पूजा सुपारी में। मांग का प्रवाह बना हुआ है। इसलिए 400 से 600 रुपए किलो पर मजबूत है। ठीक पीछे है पूजा हल्दी, जिसमें प्रति किलो कीमत 240 से 300 रुपए बोली जा रही है। परेशान कर रहा है नारियल क्योंकि आवश्यक है पूजा की थाली में इसका होना। इसलिए कच्चा नारियल 30 से 40 रुपए और सूखा नारियल 40 से 45 रुपए प्रति नग की दर पर खरीद रहे हैं भक्त।

खरीदी में 25 फ़ीसदी की कटौती

बंदन 250 से 400 रुपए किलो, रोली 200 से 400 रुपए किलो और गुलाल 80 से 160 रुपए किलो। तेज है इन तीनों की भी कीमत। लिहाजा पूरी पूजा सामग्री की बढ़ी कीमतों को देखते हुए खरीदी की मात्रा में भक्त 25 फ़ीसदी की कटौती कर रहे हैं। गिरावट को देखते हुए खुदरा दुकानों ने भी होलसेल खरीदी में इतनी ही मात्रा कम कर दी है। यह तब, जब वैवाहिक खरीदी के दिन नजदीक आ रहे हैं।