खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में 50 खाद्य सामग्री की जांच

फूड एंड सेफ्टी की दबिश हिरमी में

बलौदाबाजार। अमानक थे मगज और बेसन के लड्डू। खराब हो चुकी थी जलेबी। मोबाइल फूड लैब वैन ने जब यह रिपोर्ट दी, तब इनका नष्टीकरण करवाया गया। सख्त हिदायत दी गई  कि अगली जांच में यह गलतियां फिर से मिलीं तो विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सघन जांच अभियान की शुरुआत कर दी है। पहली दबिश हिरमी के खाद्य प्रतिष्ठानों एवं होटलों में देते हुए जिस अंदाज में कार्रवाई की उससे आगामी दिनों में की जाने वाली जांच के साफ संकेत मिलने लगे हैं कि छोटी सी भी गलती संस्थानों को भारी पड़ेगी।

हड़कंप बाजार चौक में

खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमेश वर्मा के निर्देशन में जांच टीम ने बाजार चौक के सुरेंद्र स्वीट्स से 5 किलोग्राम मगज के लड्डू, 2 किलो जलेबी और मारुति होटल से बिक्री के लिए रखे गए बेसन के लड्डू और भावेश होटल से जलेबी की जांच करवाई। यह सभी सामग्री अमानक हो चुकी थी। मौके पर ही इनका नष्टीकरण करवाया गया। सघन जांच और कार्रवाई को लेकर खाद्य सामग्री विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

सघन जांच किचन की

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सभी होटल और स्वीट कॉर्नरों की किचन की भी जांच की। इनमें सर्वाधिक अस्वच्छता और सुरक्षा उपायों की अनदेखी सुरेंद्र स्वीट्स में किया जाना पाया गया। फलस्वरूप संस्थान को नोटिस जारी करते हुए तय समय में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। अल्ट्राटेक सीमेंट का गेस्ट हाउस भी निशाने पर आया। खामियां मिलने पर नित्यानंद कैटरर्स को तीन बिंदुओं में तत्काल नोटिस जारी की गई है।

पांच अमानक, तीन का सर्विलांस सैंपल

खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमेश वर्मा के नेतृत्व में चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में 50 खाद्य सामग्री की जांच की गई। इसमें पांच अमानक मिले। जबकि कल्याण किराना और योगेश किराना से तीन सामग्रियों के सर्विलांस सैंपल लिए गए हैं। इन्हें परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है।