आरोपी में पिता-पुत्र सहित सुपारी किलर गिरफ्तार 

कबीरधाम जिले के ग्राम चुचरूंगपुर खार, बडे परिया डबरी में मिली लाश का मामला 

 

कवर्धा/दशरंगपुर। बिस्तर पर लाचार बेटे को पिता देख नहीं सकता। सुनकर दो साल से उसका दर्द महसूस करता रहा। लाचार बेटे की बेबसी पर नेत्रहीन पिता इतना व्यथित था कि वह बेटे को इस हालत पर पहुंचाने वाले कथित आरोपी को ठिकाने लगाने उसके दोस्त को ही दो लाख रुपए में सुपारी दे दी। दो दिन पुरानी हत्या की गुत्थी सुलझा कर पुलिस ने आरोपी पिता पुत्र और कथित सुपारी किलर को गिरफ्तार कर लिया है।

कबीरधाम जिले के पिपरिया थाना दशरंगपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत तमरुवा के ग्राम चुचरूंगपुर खार, बडे परिया डबरी में पानी पर युवक की लाश ग्रामीणों ने 2 सितंबर की शाम देखी। डबरी में लाश होने की खबर पर बड़ी संख्या में आस-पास से तमाशबीन जमा हो गए। ग्राम पंचायत तमरुवा के सरपंच पति मनोज सिन्हा पिता हुलसराम सिन्हा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी कि ग्राम चुचरूंगपुर खार, बडे परिया डबरी में पानी पर युवक की लाश पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि डबरी अंदर पानी में शव के सिर का हिस्सा और डबरी पार तरफ पैर था। लाश चित अवस्था में पड़ा था। शरीर पर आसमानी कलर का जींस फुलपेंट व हल्का बैंगनी कलर का फुल शर्ट पहना था। शव के दाहिने पैर में पैरागान कंपनी चप्पल था। पंचनामा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल कबीरधाम लाया गया। शव की शिनाख्त ग्राम फांदाखोर थाना पिपरिया निवासी लेखराम चंद्रवंशी ने अपने भाई रोहित चंद्रवंशी के रुप में जिला अस्पताल कबीरधाम आकर की। शार्ट पोस्टमार्टम में रोहित की मौत सिर में लगी चोट की वजह से होने का खुलासा हुआ। इस पर दशरंगपुर चौकी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 के तहत हत्या और साक्ष्य छिपाने का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस को जांच में पता चला कि रोहित चंद्रवंशी ने दो साल पहले 2022 में ग्राम केशली निवासी दीपचंद चंद्रवंशी के उपर जानलेवा हमला किया था। इस पर उसके खिलाफ कवर्धा थाने में हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज है। पुलिस ने शक के आधार पर दीपचंद के पिता नकुल चंद्रवंशी और उसके भाई हेमू चंद्रवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने सुपारी देकर हत्या कराने की बात कबूल कर ली।आरोपी जग्गू धुर्वे की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के दौरान पहने कपड़े, मोटर साइकिल और हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा को बरामद कर जब्त किया है। हत्या के तीनों आरोपी नकुल चंदवंशी, हेमू चंद्रवंशी और जग्गू धुर्वे निवासी बिटकुली खुर्द को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है।

समझौते से मुकरने पर हत्या 

पुलिस के मुताबिक आंखों से दिव्यांग आरोपी नकुल चंदवंशी के बेटे से रोहित चंद्रवंशी की रंजिश थी। दो साल पहले रोहित ने अपने साथियों के साथ नकुल के बेटे पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसकी वजह से नकुल का बेटा चल फिर नहीं सकता। इस मामले में दोनों के बीच समझौता हुआ था। रोहित ने नकुल को समझौते की रकम नहीं दी। इससे नाराज होकर नकुल ने बेटे का बदला लेने रोहित की हत्या की साजिश रची।

दोस्त को दी सुपारी

पुलिस के मुताबिक आरोपी जग्गू और रोहित की पहले से जान पहचान थी। 2 सितंबर को जग्गू ने रोहित को शराब पीने के लिए बुलाया। रोहित की मोटर साइकिल पर बैठकर दोनों चुचरुंगपुर खार में डबरी के पास गए। मौका देखकर आरोपी ने रोहित के गले को रस्सी से घोंटकर अधमरा किया। फिर हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। दो साल पहले ऐसे ही रोहित ने आरोपी नकुल के बेटे जानलेवा हमला किया था। जग्गू ने लाश छुपाने डबरी में फेंक दिया।

ऐसे रची साजिश 

पुलिस के मुताबिक नकुल ने रोहित की हत्या करने के लिए आरोपी जग्गू धुर्वे को 2 लाख रुपए में सुपारी दी थी। एडवांस में उसे 25 हजार रुपए दिए गए थे। बाकी रकम हत्या के बाद देने का सौदा हुआ था। वारदात के 10 दिन पहले मर्डर के लिए ग्राम चुचरुंगपुर खार बड़े परिया डबरी को चुना गया। आरोपी जग्गू ने मर्डर वाली जगह पर पहले से हथौड़ा छिपाकर रखा था। कथित सुपारी किलर जग्गू बेमेतरा में अपनी बुआ के घर छिपा था। जहां से पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार किया। वहीं हत्या का साक्ष्य छिपाने व जग्गू को भागने में मदद के लिए आरोपी नकुल के बेटे हेमू चंद्रवंशी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।