चालीस दिन में दो सौ मीटर के दायरे में करंट से दो मौत

रतनपुर । बिजली विभाग के अफसर ने जिस स्थल का निरिक्षण कर पाया कि विद्युत् तार की जमीन से ऊचाई पर्याप्त है, उसा स्थान का तार टूटा। इसकी चपेट में आए अधेड़ की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इसी जगह से दो सौ मीटर आगे 38 दिन पहले ही एक और युवक की मौत करंट से हो गई थी। घटना को लेकर लोगों ने तीखा आक्रोश जताया है।

संगम चौक भेड़ीमुड़ा रतनपुर निवासी 47 वर्षीय ईश्वर अनंत पिता जग्गू की मौत खंबे से टूट कर गिरे तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से वजह से हो गई। शुक्रवार की शाम हर रोज की ही तरह ईश्वर आठाबीसा तालाब परिसर स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना करने गया था। जहां से साइकिल पर सवार होकर लौट रहा था कि समीप ही बने श्रद्धांजलि भवन के सामने से गुजरी बिजली सप्लाई का लो पावर ट्रांसमिशन तार टूट कर गिर गया। इसकी चपेट में साइकिल सवार ईश्वर आ गया। इसमें प्रवाहित करंट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

आस-पास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी होने पर लोगों ने इसकी सूचना बिजली विभाग को दी। बिजली विभाग के कर्मी सप्लाई बाधित कर मौके पर पहुंचे। रतनपुर थाना पुलिस भी बल के साथ मौके पर पहुंची। करंट से फिर मौत होने की घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।  घटना को लेकर लोगों ने तीखा आक्रोश जताया है। थाना प्रभारी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। शव को उठाकर मर्चुरी में रखवाया गया है। शनिवार की सुबह पोस्ट मार्टम कर लाश परिजनों को सौंपा जाएगा।
लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

महीना भर पहले हुई थी शिकायत

लोगों ने बताया कि चालीस दिन पहले ही करंट से संगम चौक भेड़ी मुड़ा निवासी पुन्नी लाल की मौत हुई थी। इसके बाद सीएम हेल्पलाइन पर तीन अगस्त 2026 को शिकायत दर्ज कर बताया गया है कि वार्ड 08 के सब्जी मंडी के पास पर विद्युत लाइन तार झुकने की समस्या 12 वर्ष  से है। इसकी जांच कर अधिकारी ने बताया है कि स्थल का निरिक्षण कर पाया गया कि विद्युत् तार की जमीन से ऊचाई पर्याप्त है। इस जांच के 11 दिन बाद उसी स्थान का करंट प्रवाहित बिजली तार टूट कर गिर गया। और इसकी चपेट में आने से साइकिल सवार ईश्वर की मौके पर ही मौत हो गई।