खल्ली में अलसी सबसे आगे
बिलासपुर। थोड़ी-बहुत ही बची है हरियाली। कैसे मिटाई जा सकेगी मवेशियों की भूख? जवाब की तलाश में पशु आहार बेचने वाली दुकानों तक पहुंच रहे मवेशी पालक यह देखकर परेशान हो रहे हैं कि कोढ़ा जैसे सामान्य पशु आहार की खरीदी पर 800 से 900 रुपए देने पर पड़ रहे हैं। हैरानी, तब परेशानी में बदल जा रही है जब खल्ली की कीमत 3000 रुपए क्विंटल तक पहुंचने की जानकारी दुकानें देतीं हैं।
धान, दलहन और तिलहन की कीमतों में आ रही तेजी का असर अब उस क्षेत्र पर दिखाई देने लगा है, जिसकी पहचान पशु आहार केंद्र के रूप में होती है। महंगे में खरीदी करने वाली खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों ने पशु आहार के रूप में बेची जाने वाली सामग्री की कीमतें बढ़ानी चालू कर दीं हैं। असर से सभी पशु आहार क्विंटल पीछे 100 से 200 रुपए महंगे हो गए हैं। हद तो तब, जब पूरे साल मांग में रहने वाला कोढ़ा तक महज दो माह में ही क्विंटल पीछे 200 रुपए महंगा हो गया है।

बेलगाम खल्ली
तिलहन में जैसी गर्मी आई हुई है, उसके बाद तेल मिलों से निकल रही खल्ली ऊंची कीमत में पशु आहार केंद्रों तक पहुंच रही है। खरीदी में पहले नंबर पर चलने वाली बिनौला खल्ली 2900 से 3000 रुपए क्विंटल की ऊंचाई पर पहुंच गई है। सरसों खल्ली की खरीदी 2800 से 3000 रुपए में करनी पड़ रही है। कमजोर आवक अलसी में, इसलिए ऊंचे दाम पर खरीदी करने वाली इकाइयां अलसी की खल्ली की कीमत 3800 से 4000 रुपए क्विंटल बता रही है।

सरपट दौड़
दलहन से बनाया जाने वाला पशु आहार दीर्घकाल तक तेज ही रहेगा। कमजोर फसल की वजह से दाल बनाने वाले उद्योग कच्चे माल की खरीदी, तेजी के बीच कर रहीं हैं। इसका असर दलहन वेस्ट की कीमतों में भी देखा जा रहा है। डेयरियों की मांग और कमजोर आपूर्ति के बीच, अरहर पाउडर 2600 से 2700 रुपए क्विंटल, चना पाउडर 2800 से 2900 रुपए क्विंटल की दर पर बेचा जा रहा है। तिवरा पाउडर में ग्रामीण क्षेत्र के मवेशी पालकों की मांग है। इसलिए खुदरा बाजार, इसकी कीमत 2400 से 2800 रुपए क्विंटल बता रहा है।

इसलिए कोढ़ा भी महंगा
धान की सभी प्रजातियों की कीमत बढ़ी हुई है। ऐसे में चावल मिलें विवश हैं कोढ़ा और रफी की कीमत बढ़ाने के लिए। यही स्थिति पोहा मिलों के सामने भी है। लिहाजा पशुपालकों को पोहा चुनी की खरीदी पर 2400 से 2600 रुपए देने पड़ रहे हैं। सबसे ज्यादा मांग में रहने वाला पशु आहार कोढ़ा में 200 रु की तेजी के बाद 800 से 900 रुपए क्विंटल का भाव बताया जा रहा है। जबकि रफी की कीमत 2200 से 2300 रुपए क्विंटल बताई जा रही है। तेजी की स्थिति दीर्घ अवधि तक बने रहने की प्रबल आशंका है।
