मांग के अनुरूप उपलब्धता बेहद कमजोर

भाटापारा। कुल आवक में 90 फीसदी हिस्सेदारी के बावजूद महामाया मेंं तेजी के प्रबल आसार बन रहे हैं। बारीक धान में भी कीमत बढ़ने की संभावना है। चावल मिलों की लगातार लिवाली से चल रही तेजी पूरे साल बने रहने की संभावना है।

महामाया में पोहा उत्पादक इकाईयां और बारीक में चावल मिलों की जैसी मांग निकल रही है, उसमें पुराना और नया धान में जो तेजी चल रही है, उससे पहली बार किसान हैरान हैं। परेशान केवल पोहा और चावल की नियमित खरीदी करने वाले हो रहें हैं क्योंकि क्रय शक्ति के बाहर जा रही है, दोनों की कीमत। धारणा आगे भी तेजी की बनी हुई है।

प्रतिस्पर्धी खरीदी

महामाया और सरना। दोनों प्रजातियों की आवक फिलहाल सामान्य है लेकिन इकाइयों का कहना है कि मांग के अनुरूप उपलब्धता अभी भी कमजोर है। ऐसी स्थिति में नियमित जरुरतें पूरी करने तथा आपातकालीन भंडारण को चुस्त बनाए रखने के लिए प्रतिस्पर्धी खरीदी चल रही है। यही वजह है कि धान की दोनों प्रजातियां बीते साल की तुलना में तेजी लिए हुए है। यह स्थिति पूरे साल बने रहने की संभावना है क्योंकि समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ खरीदी की मात्रा सरकार ने बढ़ा दी है। इस वजह से मांग के अनुरूप आवक नही हो रही है।

बारीक में तेजी का तूफान

निर्यात के द्वार खोले जाने की संभावना और घरेलू मांग ने बारीक धान की सभी किस्मों की दरें बढ़ा दी हैं। ऐसे में मंडी पहुँच रही एच एम टी, सियाराम और विष्णुभोग में खरीदी उंची कीमत पर हो रही है। कुछ दिन की स्थिरता के बाद बारीक धान की यह तीनों प्रजातियां, चावल मिलों की प्रतिस्पर्धी के दौर से गुजर रही हैं। नया और पुराना धान में जैसी गर्मी बनी हुई हैं वह आगे भी बने रहने की संभावना कारोबारी व्यक्ति कर रहे हैं। रही-सही कसर स्टाॅकिस्ट पूरी कर रहे हैं, जिनकी भी लिवाली निकली हुई है।

ऐसी है कीमत

नियमित और सामान्य आवक में महामाया की मौजूदगी अभी भी सबसे ज्यादा है। प्रतिस्पर्धी खरीदी के बाद नया महामाया 2300 रुपए और पुराना में सौदे 2000 से 2100 रुपए क्विंटल पर हो रहे हैं। सरना नया 2100 से 2150 रुपए क्विंटल पर मजबूत है। बारीक धान में एच एम टी नया 2800 से 3000 रुपए और पुराना 3000 से 3100 रुपए क्विंटल पर खरीदा जा रहा है। सियाराम नया 3000 रुपए और पुराना 3300 रुपए क्विंटल पर मजबूत है। विष्णुभोग नया 3000 से 3300 रुपए और पुराना 3500 से 3600 रुपए क्विंटल पर आ चुका है।

By MIG