प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और संगठन मंत्री से जताई इच्छा
भाटापारा। पार्षद प्रदीप शर्मा। भाटापारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट के लिए पहला नाम। सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में बीते 25 साल से सक्रिय रहने वाले श्री शर्मा ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव और संगठन मंत्री पवन साय से मिलकर टिकट की दावेदारी पेश कर दी है।
कांग्रेस के बाद अब भाजपा में भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के लिए दावेदारों का आना चालू होता नजर आने लगा है। पहली दावेदारी पार्षद प्रदीप शर्मा ने पेश कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात कर श्री शर्मा ने अपनी राजनीतिक यात्रा की जानकारी, न केवल विस्तार से दी बल्कि नए चेहरे की उठती मांग से भी अवगत करवाया।
इसलिए नया चेहरा
संक्षिप्त चर्चा में श्री शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों की लगातार अनदेखी ने कई समस्याओं को जन्म दिया है। कार्यकर्ताओं की बातें नहीं सुनी जाती। समस्या के हल के लिए कार्यकर्ताओं को अपने स्तर पर कोशिश करनी होती है। वैसे भी विधानसभा क्षेत्र का मतदाता इस बार भाजपा से नए चेहरे की आस में है।
यह बेहद जरूरी
स्वतंत्र जिला और बेहतर नागरिक सुविधा तो बेहद जरूरी हैं। साथ ही सर्व सुविधा युक्त खेल मैदान भी आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधूरी नल-जल योजनाओं पर भी गंभीरता के साथ काम करने की जरूरत है। सिंचाई सुविधाओं को बढ़ाने के लिए जैसा प्रयास किया जाना था, वह भी दिखाई नहीं देता। गौठानों को लेकर जो कम होने चाहिए उसका भी अभाव है।
जहां का तहां शहर
भाजपा से टिकट की दावेदारी पेश कर चुके प्रदीप शर्मा शहरी क्षेत्र की समस्याओं को मुखरता से उठाते हुए कहते हैं कि बढ़ती आबादी और व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए शहर क्षेत्र के लिए जैसी कार्य योजना बनाई जानी थी, उसका सर्वत्र अभाव है। धनराशि तब भी मिलती थी, अब भी मिल रही है। आखिर काम क्यों नहीं होते ?
