ससुर की सूचना पर गांधीनगर थाने में अपराध दर्ज

अंबिकापुर। शादी के बाद बारात के साथ ससुराल आई दुल्हन का जेवरात से बैग उसके कमरे से किसी ने पार कर दिया। इसका पता तब चला जब 2 दिन बाद वह मायके लौटने के लिए बैग की पतासाजी की। बैग में करीब डेढ़ लाख रुपए के जेवर व ६ हजार रुपए नकद रखे थे। दुल्हन के ससुर ने मामले की रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराई है। घर वालों ने नौकरानी पर संदेह व्यक्त किया है। पुलिस अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

नवापारा निवासी रामसागर जायसवाल के बेटे विकास जायसवाल की शादी 15 मई को हुई। १६ मई को बारात के साथ दुल्हन ससुराल आई। दुल्हन ने रात में सोने का गले का हार व मांगटिका निकाल कर अपने बैग में रख कर दूसरे कमरे में सोने चली गई। जिस कमरे में बैग रखा था उसे बंद नहीं किया था। दुल्हन ने दो दिनों तक बैग की खोज खबर नहीं ली । 18 मई को दुल्हन के मायके वाले उसे लेने आए थे। इस दौरान उसने पैकिंग के दौरान कमरे में जाकर बैग की पतासाजी की तो बैग गायब था। बैग में करीब 1 लाख 50 हजार रुपए के जेवर व 6 हजार रुपए नकद रखे हुए थे। इसकी जानकारी उसने अपने पति व अन्य परिजनों को दी। इससे घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने बैग को अन्य कमरों में भी खोजा लेकिन नहीं मिला। दुल्हन के ससुर रामसागर जायसवाल ने मामले की रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराई। घरवालों ने शादी में काम करने आई नौकरानी पर चोरी करने का संदेह व्यक्त किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।