उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घाटबर्रा का मामला
उदयपुर। शादी के बाद एक महीने पूरा ससुराल में गुजार कर मां के पास मायके लौटी विवाहिता। एक महीने मां के साथ रहने के बाद एक दिन अचानक लापता हो जाती है। परेशान परिजन उसकी खोजबीन में जुटे रहते हैं। कहीं कुछ पता नहीं चलता। फिर चार दिन बाद गुरुवार की शाम ऐसी खबर मिली कि सन्न रह गया पूरा परिवार…। घटना के सच की परख में जुटी है पुलिस है।
सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घाटबर्रा निवासी 22 वर्षीय रामशीला की शादी 2 महीने पहले ग्राम खजुरी थाना दरिमा निवासी सोनू राम मझवार के साथ हुई थी। शादी के बाद एक महीने तक ससुराल में रहने के बाद अपनी मां के साथ मायके लौट आई थी। बीते एक महीने से रमशीला मायके में ही अपनी माँ के साथ रह रही थी। 17 अप्रैल की सुबह 10 बजे वह किसी को कुछ बताए बिना घर से कहीं निकली थी।ज्ञकई घंटे बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी पतासाजी के बाद भी उसके बारे में परिजनों को कोई जानकारी नहीं मिली। 20 अप्रैल की दोपहर सूचना मिली कि घाटबर्रा जंगल में पेड़ पर चुनरी से बने फंदे पर किसी युवती की लाश लटका रहा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने लाश की शिनाख्त रामशीला के रूप में की। घटना की सूचना परिजनों ने उदयपुर थाने में दी। पुलिस मौके पर पहुँची। नव विवाहिता का मामला होने के कारण उदयपुर पुलिस ने मामले की सूचना उदयपुर एसडीएम को दी। शुक्रवार को नायब तहसीलदार एजाज हाशमी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नवविवाहिता की लाश को पेड़ पर से उतरवा कर पंचनाम कराया गया। पंचनामा के बाद पोस्ट मार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। मौत के कारणों का खुलासा पोस्ट मार्टम रिपोर्ट से होगा। मर्ग कायम कर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।