“समरथ” के आगे बौने हो गए कानून और कलेक्टर के हाथ

भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की रतनपुर स्थित जमीन का मामला

रतनपुर. कलेक्टर जिस जमीन का मालिक हो और वो चोरी हो जाए और उसकी पतासाजी करने में उसका मातहत राजस्व अमला नाकाम हो जाए तो समझिये ” समरथ को नहीं दोष गोसाई ” …! गोस्वामी तुलसी दास ने बरसों पहले पवित्र ग्रंथ रामायण में ऐसे ही लिखकर नहीं गए हैं। बरसों पहले राम राज की बातों में उन्होंने सुना होगा। अपने जमाने में भी ऐसा ही होते देखा और महसूस किया होगा। फिर कलयुग में तो ऐसी परंपरा ही बन जाने की उन्हें पूरा भरोसा रहा होगा । …तो “समरथ” कौन…! क्या वो सचमुच कलेक्टर, हमारे गणतंत्र में जिले का मालिक जिसके हुक्म के बगैर एक पत्ता भी नहीं खड़कता, जो कार्यपालक दंडाधिकारी भी है जिसे हम डीएम कहते हैं से भी बड़ा पावरफुल है । “समरथ” जिसके कब्जे की कथित 2.75 डिसमिल जमीन को बरामद कर पाना राजस्व अमले के लिए संभव नहीं है ।



बुधवार को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी बिलासपुर ब्रांच की रतनपुर स्थित पटवारी हल्का नंबर 12 की खसरा नंबर 3600/4 रकबा 0.028 हेक्टेयर और 3001/3 रकबा 0.312 हेक्टेयर यानि कुल करीब 84 डिसमिल जमीन का सीमांकन किया गया । मौके पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के जमीन की चौहद्दी से लगी जमीनों की नाप जोख किया गया । मौके पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की 84 डिसमिल जमीन में से 81.25 डिसमिल जमीन नापकर मौके पर बरामद किया गया । मौके पर बरामद 81.25 डिसमिल जमीन में से साढ़े दस डिसमिल जमीन पर सी सी रोड का अवैध निर्माण हो चुका है। 0.65 डिसमिल जमीन पर ताज बैंड पार्टी के द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया है।

चौहद्दी से लगी 2.10 डिसमिल जमीन पर रमेश शर्मा के द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। वहीं मौके पर से भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी बिलासपुर ब्रांच जिसके पदेन अध्यक्ष जिले के कलेक्टर होते हैं की 2.75 डिसमिल जमीन चोरी हो गया है । सीमांकन करने पहुंचे राजस्व अमले की बात पर भरोसा करें तो इस जमीन को बरामद कर पाना संभव नहीं है, इसका कारण वे नक्शे में बटांकन नहीं होना और चौहद्दी में सघन मकान का निर्माण होना व तीन ओर से बाउंड्री होना बता रहे हैं ।

क्या बोले राजस्व निरीक्षक

सभी पक्षों को सूचना देकर रेड क्रॉस सोसाइटी की जमीन का विधिवत् सीमांकन किया गया है । मौके पर सीमांकन करने पर ज्ञात हुआ है कि आवेदक की कुल भूमि 84 डिसमिल है । उसमें से हमने 81.25 डिसमिल जमीन नापकर उनको बताई हैं । 81.25 डिसमिल जमीन में से साढ़े दस डिसमिल जमीन में सी सी रोड का निर्माण हो चुका है । 0. 65 डिसमिल जमीन पर ताज बैंड पार्टी के द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया है, और चौहद्दी से लगी 2.10 डिसमिल जमीन पर रमेश शर्मा के द्वारा अवैध कब्जा किया गया है । शेष भूमि आवेदक के कब्जे में है. मौके पर 2.75 डिसमिल जमीन को इसलिए नहीं खोजा जा सका क्यों कि नक्शे में बटांकन नहीं हुआ है, और चौहद्दी में सघन मकान का निर्माण हो चुका है । इससे पूर्व आवेदक के द्वारा तीन ओर से बाउंड्री किया जा चुका है इसलिए भूमि को खोज पाना संभव नहीं।