तीन और दुकानों पर संकट के बादल

डैमेज कंट्रोल पर है अब ध्यान

रतनपुर . एक समाचार पत्र के एजेंट को हल्के में लेकर दीपावली की फीकी पकवान देना रतनपुर थाना पुलिस को इतना भारी पड़ गया कि डेढ़ महीने के उसकी निगरानी में चल रही महीने की लखटकिया दुकान ही बंद करनी पड़ गई. वहीं पौश इलाके सहित थाना क्षेत्र में चल रही महीने में लाख रुपए इनकम देने वाली तीन दुकानों पर भी संकट छाने के आसार नज़र आने लगे हैं. ऐसे में देखना होगा कि डैमेज कंट्रोल किस तरह होता है.
शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात जिले की एसीसी यूनिट ने रतनपुर थाना क्षेत्र में पहुंच कर करैहापारा में पुजारी और ज्योतिष पुत्र सहित 15 लोगों को पकड़ा. मामला रतनपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया. ये अलग बात है कि रतनपुर थाना पुलिस ने दर्ज एफआईआर में डंडी मारकर तेरह लोगों के नाम दर्ज कर पुजारी और ज्योतिष पुत्र को अभयदान देकर बचा लिया. जुएं के दर्ज आरोपियों में कांग्रेस भाजपा नेता पार्षद के साथ पत्रकार भी है. सबसे खास बात यह कि रतनपुर थाना पुलिस की महीने की लखटकिया इनकम देने वाली इस दुकान को बंद कराने मुखबरी भी एक अखबार के एजेंट ने की है. अब भला एक अखबार का एजेंट दूसरे पत्रकार के जुआ खेलने और खिलाने की मुखबरी क्यों करेगा. इसकी भी चर्चा दिलचस्प है. हुआ यूं कि समाचार पत्र के एजेंट की दीपावली की मिठाई रतनपुर थाना पुलिस ने फीकी कर दी. इसके गुस्से का बम धमाके के साथ इस तरह फूटा की एजेंट ने डेढ़ महीने से रतनपुर थाना पुलिस की शह पर चल रहे जुएं की सूचना सीधे जिले के आला अधिकारी तक पहुंचा दी. अब जिले के अफसर ने उम्मीद के विपरीत सूचना को गंभीरता से ले लिया. कार्रवाई के लिए एसीसी यूनिट को ही भेजा दिया. मौके पर पहुंची एसीसी यूनिट ने 15 आरोपियों सहित लाखों रुपए, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद कर रतनपुर थाना पुलिस के सुपुर्द किया. हालांकि अधिकारिक रुप से एसीसी यूनिट द्वारा पकड़े 15 आरोपियों में से 13 के खिलाफ ही जुआ एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर एक लाख चालीस हजार रुपए नकदी की बरामदगी कर जब्ती बनाई गई है.

डेढ़ महीने से चल रही थी पुलिस की लखटकिया दुकान

सूत्रों की माने तो बीते डेढ़ महीने से शहर से दूर बियाबान में रतनपुर थाना पुलिस की लखटकिया इनकम देने वाली जुएं की. दुकान चल रही थी. समाचार पत्र के एजेंट को इसकी भनक लग चुकी थी. रतनपुर थाना पुलिस ने दीपावली की खातिरदारी में एजेंट को हल्के में ले लिया और पकवान थोड़ी फीकी कर दी. गुस्सा में एजेंट ने इसकी शिकायत जिले के आला अधिकारी से कर दी. अधिकारी ने सूचना को गंभीरता से लिया नतीजा फीके पकवान ने कर दी रतनपुर थाना पुलिस की लखटकिया दुकान.