‘मोबाइल एप किसान टोकन तुंहर हाथ’ किया लांच
बिलासपुर। सेवा सहकारी समितियों और उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है। इस साल किसान चाह घर बैठे ही एक क्लिक कर ‘टोकन तुंहर हाथ’ एप का उपयोग कर टोकन हासिल कर अपनी सुविधा के हिसाब से धान बेच सकते हैं।
धान बेचने के लिए हर साल किसानों को टोकन के लिए धान उपार्जन केन्द्र के चक्कर काटने पड़ते थे। जिसके कारण उपार्जन केन्द्रों में किसानों की लंबी कतार लग जाती थी। जिससे किसान को बहुत कष्ट उठाने पड़ते थे। जिसे ध्यान में रखते हुए किसानों को घर बैठे धान बेचने के लिए टोकन लेने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने किसान टोकन तुहर हाथ मोबाइल एप लांच किया है। जल्द ही ट्रायल के बाद इसे लांच कर दिया जाएगा। इस साल किसान इसका लाभ ले सकेंगे। सभी किसानों का ऑनलाइन पंजीयन होता है। इसी नंबर के जरिए टोकन जारी होगा।
एप से मिले टोकन की वैधता रहेगी 7 दिन तक
‘टोकन तुंहर हाथ’ एप की सहायता से पंजीकृत किसान संबंधित उपार्जन केन्द्र में स्वयं के द्बारा निर्धारित तिथि में धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। एप से किसानों को समिति द्बारा दर्ज किसान की जानकारी पंजीकृत रकबा, बैंक खाता, टोकन एवं धान खरीदी आदि की सभी नवीनतम जानकारियां प्राप्त होंगी। एप से लिए गए टोकन की वैधता 7 दिन होगी। एप के माध्यम से संबंधित समिति या उपार्जन केन्द्र में प्रत्येक दिन की खरीदी क्षमता के 30 प्रतिशत की सीमा तक ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया जा सकेगा। सीमांत, लघु व दीर्घ कृषकों को पंजीकृत संख्या के अनुपात में टोकन के लिए समान अवसर उपलब्ध होगा।

टोकन लेने नहीं लगानी पड़ेगी लाइन
उपार्जन केन्द्र में 70 प्रतिशत खरीदी क्षमता की मात्रा ऑफलाइन टोकन के लिए उपलब्ध रहेंगी। जो किसान एप से टोकन प्राप्त करने में असुविधा महसूस करते हैं। उन्हें पूर्व वर्षों की भांति समिति मॉड्यूल से टोकन प्राप्त हो सके। एप के माध्यम से टोकन जारी करने की व्यवस्था पूर्व वर्षों में समिति माड्यूल से टोकन जारी करने की व्यवस्था करने की प्रक्रिया के अलावा अतिरिक्त रूप से की जा रही है। किसानों को ऑनलाइन व ऑफलाईन दोनों माध्यम से टोकन प्राप्त हो सकेगा। एप से टोकन प्राप्त होने से किसानों की भीड़ में कमी आएगी। किसानों को घर बैठे धान बेचने के लिए टोकन मिलेगा। किसानों को अपनी पंजीयन संबंधित जानकारी, भूमिगत/खाता/ धान खरीदी एवं भुगतान की जानकारी भी सुगमता से मिलेगी।
