राजपुर वन परिक्षेत्र के दुप्पी जंगल की घटना

अलखडीहा जंगल में 25 हाथियों ने जमाया डेरा


राजपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र के दुप्पी जंगल में गुरुवार की सुबह दो दंतैल हाथियों ने एक ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। वहीं अलखडीहा जंगल में 25 हाथियों का दल विचरण कर रहा हैं। हाथियों के दल ने पांच दिन में धान व मक्के की फसल को नुक़सान पहुंचाया है।   हाथियों से दूर रहने ग्रामीणों को समझाइश वन अमला दे रही है।

अलग-अलग दो हाथियों का दल एक सप्ताह से क्षेत्र में विचरण कर रहा है। पहले दल में 2 दंतैल हाथी हैं जो दुप्पी जंगल में विचरण कर रहे। हाथियों ने गुरुवार की सुबह 7.30 बजे जंगल में ग्राम दुप्पी निवासी 45 वर्षीय बिंदेश्वर गोड़ पिता रामसाय गोड़ को कुचलकर मार डाला। इसकी सूचना पर वनमंडलाधिकारी विवेकानंद झा, उप वन मंडलाधिकारी अशोक कुमार तिवारी, वन परिक्षेत्राधिकारी महाजन लाल साहू, डिप्टी रेंजर आरपी राही ने मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की समझाइश दी। मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि 25 हजाए रुपए प्रदान किया। मर्ग कायम कर पुलिस ने पंचनामा कर लाश का पोस्ट मार्टम कराया।

25 हाथियों के दल में है दस शावक

वहीं दूसरे 25 हाथियों के दल ने करवां, गोपालपुर, माकड़ जंगल होते हुए राजपुर सर्किल के अलखडीहा कक्ष क्रमांक 2823 में पहुंचकर धान व मक्के की फसल को नुकसान पहुंचाया है। 25 हाथियों के दल में 10 शावक, 10 मादा व 5 नर हैं। हाथियों के उत्पात से दुप्पी, सेवारी सहित बभनी, जिगड़ी, पस्ता, बासेन, उलिया, उफिया, माकड़, जोताड़, जगिमा, पटना, करवा, गोपालपुर, कर्रा, झिंगो, मुरका, रेवतपुर, जामदोहर, खोखनिया, कुंदीखुर्द, बदौली आदि प्रभावित क्षेत्र हैं।