कल्टीवेटर 19 नहीं, 23000 में मिलेगा
लोहा की बढ़ती कीमत का असर कृषि उपकरणों पर भी
भाटापारा। कल्टीवेटर 19 नहीं,23 हजार रुपये में मिलेगा। केजव्हील के लिए 1500 रुपए ज्यादा देने होंगे। कृषि उपकरणों की नई कीमत जारी होने के बाद, अब यह तय हो गया है कि इस बरस खेती-किसानी के काम के लिए किसानों को अच्छी-खासी रकम चुकानी होगी।
पहले पेट्रोल-डीजल। फिर लोहा। बारी आई खाद और बीज की। अब इस राह पर वे कृषि उपकरण भी चल पड़े हैं, जिनकी जरूरत 15 दिन बाद पड़ने वाली है। मजदूरी दर पहले से ही बढ़ी हुई हैं। लिहाजा आ रहा खरीफ सत्र, किसानों के लिए निश्चित ही कटाई और मिसाई तक परेशानी का कारण बनता रहेगा क्योंकि इस तेजी का असर हार्वेस्टर और थ्रेशर पर भी पड़ेगा।
यह 50,000 रुपए महंगा
पहली जरूरत बनने वाली, ट्रॉली के लिए इस बरस जो कीमत तय की गई है, उसे सुनकर ही होश उड़ रहे हैं। एक मुश्त पचास हजार रुपए की उछाल के बाद, ट्रॉली की नई कीमत 2 लाख 85 हजार रुपए बताई जा रही है। बीते खरीफ सत्र के दौरान यह 2 लाख 35 हजार रुपए में मिल रही थी। इसी तरह थ्रेशर की खरीदी पर भी पचास हजार रुपए ज्यादा देने होंगे। बीते साल 1 लाख 90 हजार रुपए में मिलने वाले थ्रेशर की खरीदी 2 लाख 40 हजार रुपए में की जा सकेगी।
कल्टीवेटर और केजव्हील भी
तेजी का क्रम आगे भी जारी है क्योंकि कल्टीवेटर और केजव्हील की जो दरें जारी हुईं हैं, उसके बाद कल्टीवेटर 4000 रुपए महंगा हो गया है। नई कीमत 23000 रुपए बताई जा रही है। बीते साल तक यह 19000 रुपए में उपलब्ध था। केजव्हील के लिए इस बार 12 की जगह 13 हजार रुपए देने होंगे। रोपा पद्धति से खेती करने वाले किसानों को रोटावेटर के लिए 10,000 रुपए की अतिरिक्त व्यवस्था करनी होगी क्योंकि अब यह 1 लाख 20 हजार रुपए में मिलेगा।
इसमें तूफानी तेजी
पहले दौरी, बेलन फिर ट्रैक्टर, अब थ्रेशर से धान, दलहन और तिलहन फसलों की मिसाई की जाने लगी है। समय और श्रम की बचत करने वाला थ्रेशर इस समय कृषि उपकरणों के उपयोग में शिखर पर है। विस्तार लेते उपयोग क्षेत्र की महत्वपूर्ण जरूरत बन चुका थ्रेशर 2 लाख 40 हजार रुपए में खरीदा जा सकेगा। बीते सत्र तक यह 1 लाख 90 हजार रुपए में मिल रहा था।
पीछे यह भी नहीं
पेट्रोलियम प्रॉडक्ट की श्रेणी में आने वाला ग्रीस और इंजन के लिए अहम, ऑयल की भी कीमत तेजी से बढ़ रही है। इंजन ऑयल की सभी किस्मों में 30 प्रतिशत की तेजी आ चुकी है तो ग्रीस में सीधे 170 रुपए की बढ़ोतरी का आना दर्ज किया जा रहा है। बाजार सूत्रों की मानें तो 430 रुपए किलो पर मिलने वाले ग्रीस की खरीदी पर अब 600 रुपए खर्च करने होंगे। इन दोनों में बढ़त के आसार आगे भी बने रहने की संभावना है।